नाचोज चिप्स - Nachos Chips - Homemade Nachos - Corn Tortilla Chips - Makki ke Chips

📅 18 फरवरी 2017 👁 1.1 लाख बार देखी गई 💬 12 कमेंट ★ 3.6 (912)

स्वाद में बिल्कुल अलग और क्रिस्पी मक्की के चिप्स घर पर बनाएं. नाचोज़ के नाम से मशहूर इन चिप्स का जादू आजकल बच्चों और युवावर्ग के सर चढ़कर बोल रहा है.

Read - Nacho Chips - Homemade Nachos - Corn Tortilla Chips Recipe In English 

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Corn Tortilla Chips

  • मक्की का आटा- 1 कप (150 ग्राम)
  • गेहूं का आटा- ½ कप (75 ग्राम)
  • तेल- 2 टेबल स्पून 
  • नमक- ½ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
  • हल्दी पाउडर- ¼ छोटी चम्मच
  • अजवायन- ¼ छोटी चम्मच
  • तेल- तलने के लिए

विधि - How to make Nacho Chips

सख्त आटा गूंथिए
किसी बड़े प्याले में मक्के का आटा लीजिए और इसमें गेहूं का आटा, नमक और हल्दी पाउडर डाल दीजिए. साथ ही, अजवायन मसलकर और तेल भी डाल दीजिए. सभी सामग्रियों को अच्छे से मिलने तक मिला लीजिए. फिर, हल्के गरम पानी की सहायता से थोड़ा सख्त आटा गूंथ लीजिए. आटे को ढककर 10 से 15 मिनिट के लिए रख दीजिए ताकि आटा फूलकर सैट हो जाए. इतना आटा गूंथने में ¾ कप से कम पानी का इस्तेमाल हुआ है.

गोल शीट बेलिए
आटा सैट होने के बाद, हाथ को थोड़े से तेल से चिकना कर लीजिए और आटे को थोड़ा सा मसल लीजिए. नाचोज़ बनाने के लिए आटे से छोटी-छोटी लोइयां तोड़कर तैयार कर लीजिए. एक लोई उठाकर हाथों से गोल कर लीजिए और फिर इसे दबाकर पेड़े जैसा बना लीजिए. इसके बाद, चकले और बेलन को थोड़े से तेल से चिकना कर लीजिए. फिर, लोई को बिल्कुल पतला चपाती की तरह बेलकर तैयार कर लीजिए. बेलते समय लोई बार-बार उठाकर रखने में चिपक रही है, तो चकले को घुमाकर ही इसे बेलिए.

नाचोज़ काटिए
पूरी बेलने के बाद कांटे (फॉर्क) की मदद से इसे गोद लीजिए. गोदने के बाद, इसे कटर की सहायता से बीच से आधा करते हुए काट लीजिए. इसे फिर से आधा करते हुए दूसरी तरफ से भी काट लीजिए. फिर, इनको भी आधा कर लीजिए और दूसरी तरफ से आधा करते हुए काट लीजिए. इस प्रकार तिकोने नाचोज़ चिप्स कटकर तैयार जाएंगे. 

नाचोज़ तलिए
कड़ाही में तेल गरम कर लीजिए. हल्के गरम तेल में नाचोज़ तले जाएंगे. तेल चैक कर लीजिए. हाथ को कड़ाही के ऊपर रखिए और हल्की गर्माहट लग रही हो, तो तेल उपयुक्त गरम है. इसके बाद, सावधानी से नाचोज़ चिप्स उठाकर कड़ाही में तलने के लिए डाल दीजिए. नाचोज़ चिप्स को दोनों ओर से अच्छे गोल्डन ब्राउन होने तक तल लीजिए.

इसी बीच, दूसरी लोई से भी नाचोज़ चिप्स तैयार कर लीजिए. नाचोज़ चिप्स के नीचे से गोल्डन ब्राउन होते ही पलट दीजिए. तले हुए नाचोज़ चिप्स निकालकर नैपकिन पेपर बिछी प्लेट में रख लीजिए. सारे नाचोज़ चिप्स इसी तरह तल लीजिए. एक बार के चिप्स तलने में 5 मिनिट लग जाते हैं.

कम मसाले के नाचोज़ चिप्स बनकर तैयार हैं. मसालेदार नाचोज़ बनाने के लिए एक प्याले में ½ छोटी चम्मच नमक, ½ छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर, ½ छोटी चम्मच अमचूर पाउडर और ¼ छोटी चम्मच काली मिर्च पाउडर डालकर मिक्स कर लीजिए. इस मसाले को नाचोज़ के ऊपर हल्का-हल्का डालते हुए छिड़क दीजिए और मिला दीजिए.

क्रिस्पी और मसालेदार नाचोज़ चिप्स बनकर तैयार है. नाचोज़ चिप्स को सालसा मेयोनीज़, चीज़ी डिप या अपनी मनपसंद डिप के साथ में परोस सकते हैं.

सुझाव

  • आटा बहुत ज्यादा सख्त या ज्यादा नरम नही होना चाहिए.
  • नाचोज़ चिप्स की पूरी को पतला ही बेलें.
  • नाचोज़ हल्के गरम तेल और धीमी आंच पर ही तलें. 
  • आप चाहें, तो चाट मसाला भी ऊपर से छिड़क सकते हैं.

Nacho Chips - Homemade Nachos - Corn Tortilla Chips - Makki ke Chips

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
3.6 / 5 (912 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (12)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

Malti
Mam apki recepie bahut simple n tasty hoti h ap bahut easy way me samjhate ho

निशा: मालती जी, मुझे खुशी है की आपको मेरी रेसिपी पसंद आई धन्यवाद.
Parul agrawal
Ma'am I tried but the dough s breaking while rolling.plz reply why it hpnd.
निशा: पारौल जी, आटा को थोड़ा सा सोफ्ट लगायें, ये नहीं फटेगा और प्लीज इसके लिये वीडियो अवश्य देखें.
Rashika Kala
Ma'm...I alway check in ykur recipes for any help...ap boht hi easy way me or khifayati chizo ke istemaal se recipes sikha deti hai.

निशा: आपके इन प्रशंसा भरे शब्दों के लिए बहुत बहुत धन्यवाद.
Shikha
Great thanks Nisha ji ,u are the next Tarla Dalal:) Please also share the recipe for dip.

निशा: शिखा जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
rakhiinindia.in
Very nice and simple recipe Nacho Chips - Homemade Nachos - Corn Tortilla Chips - Makki ke Chips Recipe I tried it and it came out superb...thanx

निशा: राखी जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
Rita Arora
Hello mam ,I am a big fan of your cooking. I wish to have your autograph and want to meet you. I am from Delhi. Please reply.

निशा: रीता जी, आपके स्नेह के लिए बहुत बहुत धन्यवाद.
rajib
Hi.......
Nesha ji Kya Nacho chips dhoop me sukake rakh sakty hai 3 month k lía...
निशा: राजीव जी, ये नाचो चिप्स ताजा बनाकर ही तले जाते हैं.
dr dhruvi
mam ye kitane din tk store kr skte he?

निशा: ध्रुवी जी, 1-2 माह तक के लिए स्टोर किए जा सकते हैं.
Darakhshan Naqvi
Very nice recipe Thank you so much Nisha ji
You are so intelligent.

निशा: बहुत बहुत धन्यवाद.
Dr. Veera Darji
Mam Your recipes are awesome and I keep on trying them all the time.

निशा: वीरा जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
Saumya
Mam maine ye chips bnaye..Pr wo bhut hi hard bane the..aisa kyu hua..? Jabki maine apke hr tips follow kiye..pls mam kya ap bta skti h kya kami rhi hogi.
निशा: सोम्या जी, आटे में मोयन न डाला गया हो और चिप्स अधिक मोटे हों तब एसा हो सकता है.
gayatri wadhwa
very fantastic . mam aap ki jitni taarif ki Jae Kam haii

निशा: गायत्री जी, बहुत बहुत धन्यवाद.