बेसन रवा इडली - Besan Sooji Idli Recipe - Besan Rava Idli recipe

दक्षिण भारतीय व्यंजन इडली साधारतया दाल चावल के बैटर से तैयार की जाती है़. आज हम इडली को एक अलग अंदाज में बेसन, सूजी और सब्जियों के साथ बनाएंगे और यह बेसन रवा इडली आपको बेहद पसंद आएगी.
Read - Besan Sooji Idli Recipe - Besan Rava Idli Recipe In English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Besan Rava Idli recipe
- बेसन - 1 कप
- सूजी - 1 कप
- दही - 1 कप (फैंटा हुआ)
- मटर - ½ कप
- शिमला मिर्च - 1 (बारीक कटी हुई)
- टमाटर - 1 (बारीक कटा हुआ)
- तेल - 2 टेबल स्पून
- करी पत्ता - 8 से 10
- नमक - 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
- सरसों के दाने - ¼ छोटी चम्मच
- उड़द दाल - 1 छोटी चम्मच
- अदरक - 1 छोटी चम्मच पेस्ट या कद्दूकस किया हुआ
- हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हूई)
- ईनो फ्रूट साल्ट - 1 छोटी चम्मच
विधि - How to make Besan Sooji Idli
किसी बड़े प्याले में बेसन, सूजी और दही डालकर अच्छे से मिक्स कीजिए. इसमें थोडा़-थोडा़ पानी डालते हुए चिकना गाढा़ घोल बनाकर तैयार कीजिए. घोल की कन्सिस्टेन्सी बिल्कुल दाल-चावल की इडली के बैटर जैसी कन्सिस्टेन्सी होनी चाहिए. इसमें हरी मिर्च और अदरक का पेस्ट डालकर मिक्स कीजिए.
कढा़ई मे तेल डालकर गरम कीजिए, गरम तेल में सरसों के दाने डालकर चटखा लीजिए फिर, इसमें उड़द दाल डालकर हल्का सा भून लीजिए. फिर, इसमें करी पत्ता डाल दीजिए और गैस बंद कर दीजिए. तैयार तड़के को घोल में डालकर मिक्स कर दीजिए.

इस घोल में टमाटर के टुकड़े, मटर के दाने, बारीक कटी शिमला मिर्च और नमक डाल दीजिए. सभी चीजों को अच्छे से मिलाते हुए मिक्स कीजिए. इस बैटर में ¼ कप पानी का इस्तेमाल हुआ है. बैटर को 10 मिनिट के लिए रख दीजिए.
इसी दौरान, कुकर में 2 कप पानी डालकर उबालने के लिए रख दीजिए. जब तक पानी उबले, तब तक इडली स्टेन्ड के सांचे तैयार कर लीजिए. साचों को तेल लगाकर चिकना कर लीजिए. फिर, सांचों में 2 से 3 टुकड़े टमाटर और मटर के डाल दीजिए.
अब तक, बैटर फूलकर तैयार हो गया है. बैटर में ईनो फ्रूट सॉल्ट डालकर मिक्स कर दीजिए. चमचे से इडली स्टैन्ड के सांचों में बराबर-बराबर मिश्रण भरिये, सारे खाने भर कर इन्हें इडली स्टैन्ड में लगा लीजिये. इडली पकने के लिये स्टैन्ड को कुकर में रखिये. कुकर का ढक्कन बन्द कर दीजिये, ढक्कन के ऊपर सीटी मत लगाइये.
तेज गैस पर 10 से 12 मिनिट तक इडली पकने दीजिये. गैस बन्द कर दीजिये. इडली बनकर के तैयार है . प्रेशर कुकर खोलिये, कुकर से इडली स्टैन्ड निकालिये और सांचे अलग कीजिये, ठंडा कीजिये. चाकू की सहायता से इडली निकाल कर प्लेट में निकाल लीजिए.
बहुत ही स्पंजी और स्वादिष्ट बेसन रवा वेज इडली बनकर तैयार है. आप इन्हें नारियल की चटनी या मूंगफली की चटनी के साथ परोस सकते हैं.
सुझाव
- सूजी और बेसन दोनों ही मोटे या बारीक कोई भी लिये जा सकते हैं.
- घोल बनाते समय खास ध्यान रखे कि इसमें गुठलियां न पड़े. अगर गुठलियां पडती है, तो इसे तब तक फैंटिए जब तक कि गुठलियां खत्म न हो जाए.
- इडली में आप अपनी पसंद अनुसार सब्जियां ले सकते हैं.
- ईनो फ्रूट साल्ट को तभी डालें जब आप इडली बनाने लगें और इसे मिश्रण में डालकर ज्यादा फैंटे नही क्योंकि ऎसा करने से इडली अच्छे से फूलेगी नहीं.
कमेंट (9)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
Please mam tell me
निशा: मानसी जी, आप अपने स्वादानुसार बदलाव कर सकते हैं.
निशा: जया जी, आप सही समझी हैं ये वहीं ईनो है जो पेट के लिए लिया जाता है.
Agar urad daal na daale hum better mai??? Or urad daal bheegi hui ya ese hi use krni hai???
Plz reply
निशा: सरीता जी, आप चाहें तो उड़द दाल न डालें, अगर डालना चाहते हैं तो उड़द दाल को हल्का सा भून कर लीजिए
निशा: नेहा जी, आप किस रेसिपी के बारे में पूछ रही हैं?
निशा: वेद जी, धन्यवाद.