मटर भरी लच्छा कचौरी - Matar Kachori Khasta Recipe - Green Peas Stuffed Layered Kachori - Matar Ki Kachori

सादी खस्ता कचौरियों से ऊब गए हैं, तो आजमाइए आज की यह नई पेशकश मटर भरी लच्छा कचौरी. मटर और मसालों की स्टफिंग से तैयार ये परतदार कचौरियां आपको एक अनूठे स्वाद का अनुभव कराएंगी.
Read - Matar Kachori Khasta Recipe - Green Peas Stuffed Layered Kachori Recipe In English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Matar Kachori Khasta Recipe
- मैदा- 2 कप
- फ्रोजन मटर के दाने- 1.5 कप
- घी- 4 टेबल स्पून
- नमक- 1 छोटी चम्मच
- हींग- 1 पिंच
- जीरा पाउडर- ½ छोटी चम्मच
- हल्दी पाउडर- ¼ छोटी चम्मच
- हरी मिर्च- 2 से 3 (बारीक कटी हुई)
- अदरक का पेस्ट- 1 छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर- 1 छोटी चम्मच
- सौंफ पाउडर- 1 छोटी चम्मच
- अमचूर पाउडर- ½ छोटी चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर- ¼ छोटी चम्मच
- गरम मसाला- ¼ छोटी चम्मच
- तेल- तलने के लिए
विधि- How to make Green Peas Stuffed Layered Kachori
मैदा गूंथिए
मटर भरी लच्छा कचौरियां बनाने के लिए सबसे पहले मैदा को गूंथकर तैयार कर लीजिए. मैदा गूंथने के लिए, एक बड़े प्याले में मैदा लेकर इसमें 2 छोटी चम्मच घी और ½ छोटी चम्मच नमक डाल दीजिए और मिक्स कर लीजिए. मैदे में थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा लगाकर तैयार कर लीजिए. आटे को परांठे के आटे से थोड़ा सख्त गूंथिए. इतना आटा लगाने में ½ कप से थोड़ा सा ज़्यादा पानी इस्तेमाल हुआ है. आटे को ढककर 15 से 20 मिनिट के लिए रख दीजिए. इससे कचौरी बनाने के लिए आटा सैट होकर तैयार हो जाएगा.
स्टफिंग तैयार कीजिए
स्टफिंग बनाने के लिए पैन गरम कीजिए और पैन में 2 टेबल स्पून तेल डाल दीजिए. तेल को गरम होने दीजिए. गरम तेल में हींग, जीरा पाउडर और हल्दी पाउडर डाल दीजिए. गैस धीमी कर लीजिए ताकि मसाले जल न जाएं. फिर, पैन में कटी हुई हरी मिर्च, धनिया पाउडर और सौंफ पाउडर डाल दीजिए और मसाले को हल्का सा भून लीजिए.
मसाले में मटर डाल दीजिए और मसाले मिक्स करते हुए मटर को भून लीजिए. फिर, इसमें अमचूर पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और ½ छोटी चम्मच या स्वादानुसार नमक भी डाल दीजिए और मसाला मिलाते हुए थोड़ा सा भून लीजिए. मटर को 2 से 3 मिनिट के लिए ढककर धीमी आग पर नरम होने तक पकने दीजिए.
3 मिनिट बाद, मटर दबाकर देख लीजिए, मटर नरम हो गई है. अब, चमचे से दबाकर मटर को मैश करते हुए भून लीजिए. स्टफिंग बनकर तैयार है, गैस बंद कर दीजिए और एक प्लेट में स्टफिंग निकाल लीजिए.

लोइयां बनाइए
20 मिनिट में आटा भी सैट हो गया है. आटे को हल्का सा मसलकर चिकना कर लीजिए. लोइयां बनाने के लिए, आटे को 2 भागों में बांट लीजिए और इनसे छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लीजिए. सभी लोइयों को गोल करके रख लीजिए.
बचे हुए 3 टेबल स्पून घी में 4 छोटी चम्मच मैदा मिला लीजिए और इसे पूरी तरह से घी में मिलने तक अच्छी तरह से मिक्स कर लीजिए. घी आटे का मिश्रण तैयार है.
लोइयां बेलकर कचौरियां भरिए
कचौरियों के लिए लोइयों से पहले शीट बनाकर तैयार कीजिए. इसके लिए, एक लोई उठाकर थोड़े से सूखे मैदे में लपेट लीजिए और गोल पतली रोटी की तरह बेल लीजिए. यदि लोई बेलते समय चकले पर चिपकने लगे, इसे सूखे मैदे में लपेटकर बेलिए.
पूरी बेलने के बाद, इस पर घी-मैदे का मिश्रण लगाइए और एक समान फैला दीजिए. पूरी पर घी आटे के मिश्रण की पतली सी परत बिछाने के बाद, इसे 3 परतों में फोल्ड कर लीजिए. इसके ऊपर फिर से घी-मैदे का मिश्रण लगाइए और बिल्कुल एक जैसा फैला दीजिए. फिर से, इसे तीन परतों में मोड़ दीजिए. इस तरह चौकोर लोई बनकर तैयार हो जाएगी. इसी प्रकार सारी लोइयों से चौकोर शीट बनाकर तैयार कर लीजिए. इससे कचौरियां लेयर्ड तैयार होंगी. सभी चौकोर लोइयों को 10 से 15 मिनिट तक ऎसे ही रखे रहने दीजिए.
15 मिनिट बाद, एक लोई उठाइए और चकले पर रखकर चौकोर थोड़ा सा मोटा बेल लीजिए. इसके ऊपर 2 से 3 छोटी चम्मच स्टफिंग डाल दीजिए और इसके दोनों कोने उठाकर जोड़ दीजिए. फिर, तीसरे कोने को जोड़े हुए कोनों के साथ मिलाइए और किनारों को चिपका दीजिए. चौथे कोने और किनारों को भी इसी प्रकार चिपका दीजिए. इस तरह चारों किनारे चिपककर तैयार हो जाएंगे. अब, दो किनारे उठाइए और दोनों को जोड़कर चिपका दीजिए और बाकी के किनारों को भी ऎसे ही चिपका दीजिए. बीच में इकट्ठे किए गए जोड़ों को अच्छे से जोड़कर चपटा कर दीजिए. कचौरी स्टफ्ड होकर तैयार है. सारी कचौरियों को इसी तरह भरकर तैयार कर लीजिए.
कचौरियां तलिए
कढ़ाई में तेल गरम होने रख दीजिए. थोड़ी देर में, तेल चैक कीजिए. तेल चैक करने के लिए जरा सा आटा तोड़कर तेल में डाल दीजिए. आटा हल्का-हल्का सिक रहा है और धीरे से ऊपर आ रहा है. कचौरियां तलने के लिए बिल्कुल हल्का गरम तेल चाहिए. तेल ठीक गरम है, आग धीमी रखिए और कचौरियों को तलने के लिए कढ़ाई में डाल दीजिए. कचौरियों को धीमी आग पर अच्छी गोल्डन ब्राउन होने तक तल लीजिए. जैसे ही कचौरियां तैरकर ऊपर आ जाएं, वैसे ही इन्हें पलटकर दूसरी ओर तलने दीजिए.
कचौरियों के अच्छे से सिक जाने के बाद, इनको एक प्लेट में निकाल लीजिए. कचौरियां निकालते समय कलछी पर कचौरियों को कढ़ाई के किनारे पर रोककर रखिए ताकि अतिरिक्त तेल कढ़ाई में ही चला जाए. सभी कचौरियों को बिल्कुल इसी भांति तलकर तैयार कर लीजिए. एक बार की कचौरियां सिकने में लगभग 15 मिनिट लग जाते हैं. सभी कचौरियों को सेकने के बाद गैस बंद कर दीजिए. इतनी मैदा में 10 कचौरियां बनकर तैयार जाती हैं.
बहुत ही स्वादिष्ट और क्रिस्पी मटर भरी लच्छा कचौरियां तैयार हैं. गरमागरम कचौरियों को टमैटो सॉस, हरे धनिये की चटनी या अपनी किसी भी मनपसंद चटनी के साथ सर्व कीजिए.
सुझाव
- जीरा पाउडर उपलब्ध न हो, तो आप जीरे को हल्का दरदरा कूटकर भी ले सकते हैं.
- फ्रोजन मटर के बदले आप ताजा मटर भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
- कचौरियां अपनी पसंदानुसार थोड़ी सी छोटी या बड़ी बना सकते हैं.
- स्टफिंग में मैश की हुई मटर पिसी हुई मटर से ज़्यादा स्वादिष्ट लगती है.
- कचौरियों की लोइयां बेलते समय ध्यान रखें कि ये बीच से मोटी रहे और किनारों से पतली यानिकि कचौरियों को किनारे से बेलन से दबाव देते हुए बेलना है.
- कचौरियां भरते समय खास ध्यान रखें कि वे अच्छी तरह से चारों ओर से चिपक जाएं ताकि स्टफिंग अच्छे से बंद हो जाए.
- कचौरियां हल्के गरम तेल में और धीमी आंच पर ही तलें.
Matar Kachori Khasta Recipe - Green Peas Stuffed Layered Kachori - Matar Ki Kachori
कमेंट (13)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: कुसुम जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: सुनीता जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: निक्की जी, हल्के गरम तेल में कचौरियां डालिए और धीमी आग पर गोल्डन ब्राउन होने तक पलट-पलट कर तलिए, कचौरियां एकदम करारी सिकेंगी.
plz bataiye iska kya use hai,,,,??????
निशा: निशु जी, लच्छा कचौरियों की परते बनाने और इन्हें खस्ता बनाने के लिए घी और मैदा के मिश्रण का इस्तेमाल किया गया है.
निशा: ज़ैनब जी, हमारी वेबसाइट और यूट्यूब चैनल पर सभी रेसिपीज़ उपलब्ध हैं. आप कृ्प्या वहां से रेसिपीज़ देख लीजिए.
बहुत ही लाजवाब रेसिपी है, क्या इन्हे कुछ दिन स्टोर किया जा सकता है ?
निशा: मधु जी, बहुत बहुत धन्यवाद. इसे आप 2 से 3 दिन ही स्टोर कर सकते हैं क्योंकि मटर जल्दी खराब हो जाती है.
निशा: मीना जी, हां इसे कढ़ाई में ढककर धीमी आग पर पकाना पड़ेगा ताकि ये नरम हो सके.
निशा: दीक्षा जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
Kya is recipe me ya kisi b khasta kachori ki recipe me ghee dalna jaruri hota ya oil b use krskte..maine oil use kra to kachori thndi hokr boht hard hogai..ap help krengi aisa kyu hua
निशा: आयशा जी, हां, कचौरियां घी (मोयन) से ज्यादा खस्ता और ज्यादा स्वादिष्ट बनती हैं. तेल कम डालने पर भी कचौरी सख्त हो सकती हैं.
निशा: रितु जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: शैफाली जी, धन्यवाद.