ड्राई मसाला कचौरी - Spicy Dry Masala Kachori Recipe - Crispy Kachori Stuffed with Spicy Dry Masala

मेवे, सेव, मसालों की स्टफिंग से तैयार ड्राई मसाला कचौरी लंबे समय तक चलती हैं. ए खस्ता कचौरियां किसी भी पिकनिक, यात्रा पर ले जाने के लिए बेहतरीन स्नैक्स है.
Read - Spicy Dry Masala Kachori Recipe - Crispy Kachori Stuffed with Spicy Dry Masala
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Spicy Dry Masala Kachori Recipe
- मैदा - 1 कप
- तेल - 2 टेबल स्पून
- नमक - ¼ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
स्टफिंग के लिए
- सेव - 100 ग्राम
- काजू - 2 टेबल स्पून
- बादाम - 2 टेबल स्पून
- किशमिश - 1 टेबल स्पून
- मीठी चटनी - 2 टेबल स्पून
- खसखस - 1 टेबल स्पून
- तिल - 1 छोटी चम्मच
- जीरा - ½ छोटी चम्मच
- बड़ी इलायची - 2
- सौंफ - 1 छोटी चम्मच (दरदरी कुटी हुई)
- धनिया पाउडर - 1 छोटी चम्मच
- अमचूर - ½ छोटी चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर - ¼ छोटी चम्मच
- गरम मसाला - ¼ छोटी चम्मच
- हल्दी पाउडर ¼ छोटी चम्मच से कम
- नमक - ½ छोटी चम्मच
- तेल - कचौरी तलने के लिए
विधि - How to make Crispy Kachori Stuffed with Spicy Dry Masala
मैदा को किसी बर्तन में निकाल कर, नमक और तेल डाल कर अच्छी तरह मिला लीजिए. थोडा़-थोडा़ पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ कर तैयार कर लीजिए. आटे को ज्यादा मसले नहीं, आटे को 15-20 मिनिट ढक कर के रख दीजिए, आटा सैट हो जाएगा.
स्टफिंग बनाएं
सेव को हल्का दरदरा पीस लीजिए, बादाम, काजू को भी दरदरा पीस लीजिए.
पैन में 1 टेबल स्पून तेल डालकर गरम कर लीजिए, गरम तेल में जीरा डालकर भून लीजिए. जीरा भुनने पर खसखस और तिल डालकर हल्का सा भून लीजिए. अब इसमें धनिया पाउडर, सौंफ पाउडर, इलायची, हल्दी पाउडर, पिसे हुए काजू, बादाम, सेव, गरम मसाला, नमक, अमचूर पाउडर और लाल मिर्च डालकर सभी चीजों को अच्छे से मिलने तक मिक्स कीजिए और धीमी आंच पर 2 मिनिट लगातार चलाते हुए भून लीजिए.

अब मसाले में किशमिश और चटनी डालकर अच्छे से मिलाएं और 1 मिनिट चलाते हुए भून लीजिए. मसाला भून करके तैयार है, गैस बंद कर दीजिए. स्टफिंग को प्याले में निकाल लीजिए ताकि वह जल्दी से ठंडी हो जाय.
आटे को हल्का सा मसल कर ठीक कर लीजिए, अब आटे से छोटी-छोटी लोइयां तोड़कर तैयार कर लीजिए, एक लोई उठाइए और हाथ से थोड़ा बड़ा कर लीजिए और इसको कटोरी जैसा आकार दे दीजिए, इसके ऊपर 1 छोटी चम्मच स्टफिंग रखिए और आटे को चारों ओर से उठाकर बन्द कर दीजिए और हथेली से दबाते हुए बड़ा कीजिए कचौरी भर कर तैयार हो गई है, इस तरह सारी कचौरी भर कर तैयार कर लीजिए.
कड़ाही में तेल डालकर गरम कीजिए और मध्यम गरम तेल में डालिए, एक बार में जितनी कचौरी कड़ाही में आ जाएं उतनी कचौरी कड़ाही में डाल दीजिए. कचौरी के फूलने और तैर कर आने पर पलट दीजिए, कचौरी को पलट पलट कर गोल्डन ब्राउन होने तक तल लीजिए. तली हुई कचौरी निकाल कर प्लेट में रख लीजिए. सारी कचौरियां इसी तरह तल कर तैयार कर लीजिए.
गरमागरम ड्राई मसाला खस्ता कचौरी बनकर तैयार है, कचौरी को टमैटो सॉस या अपनी मनपसंद चटनी के साथ परोस सकते हैं. कचौरियों को पूरी तरह ठंडा होने के बाद कन्टेनर में भर कर रख लीजिए और 1 महीने तक खाते रहिए.
सुझाव
- कचौरियों के लिए आटा बिल्कुल नरम लगाएं.
- लोई में स्टफिंग भरते समय ध्यान रखें कि ये अच्छे से बंद हो, कही से खुली न हो.
- कचौरियों को बढ़ाते समय ध्यान रखें कि ये फटे न.
- कचौरी तलते समय अगर फट जाए, तो उसे निकालकर अलग रख लीजिए और सबसे अंत में तलिए.
Spicy Dry Masala Kachori Recipe - Crispy Kachori Stuffed with Spicy Dry Masala
कमेंट (5)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
sev ki jagha per bikaneri bhujia le sakte hai kay?
निशा: कविता जी, हां अवश्य ले सकते हैं.