एप्पल नट्स मफिन्स - Apple Nut Muffins Recipe - apple and nuts muffin recipe

📅 21 जनवरी 2017 👁 63.4 हज़ार बार देखी गई 💬 9 कमेंट ★ 4.6 (595)

बच्चों के फेवरेट मफिन्स मार्केट में कई फ्लेवर्स में उपलब्ध हैं, लेकिन खुद से बनाएं मफिन्स का स्वाद ही अनोखा होता है. मनपसंद मेवों, सेब, वनीला एसेन्स इत्यादि से बने एप्पल नट्स मफिन्स बड़े ही नरम और स्वादिष्ट होते हैं. किसी भी छुट्टी वाले दिन या विशेष अवसर पर बच्चों को ये मफिन्स बनाकर सरप्राइज दीजिए और देखिए उनके चेहरे पर खिलती मुस्कान

Read - Apple Nut Muffins Recipe - Apple and Nuts Muffin Recipe In English

आवश्यक सामग्री - Ingredients for apple and nuts muffin recipe

  • सेब- 1 (मध्यमाकार) (200 ग्राम)
  • मैदा- ½ कप (125 ग्राम)
  • दही- ½ कप
  • बटर (मक्खन)- ½ कप से कम (75 ग्राम)
  • चीनी- ½ कप (100 ग्राम)
  • बादाम- 10 से 12
  • अखरोट- 2 टेबल स्पून
  • पाउडर चीनी- 2 टेबल स्पून
  • बेकिंग पाउडर- 1 छोटी चम्मच
  • बेकिंग सोडा- ¼ छोटी चम्मच
  • इलाइची- 4
  • वनीला एसेन्स

विधि - How to make Apple Nut Muffins

एप्पल नट्स मफिन्स बनाने के लिए पहले सेब का डंठल हटाकर छील लीजिए. फिर, इसे कद्दूकस कर लीजिए.
इलाइची को छीलकर दानों को पीस लीजिए और इसमें पाउडर चीनी मिला लीजिए. पाउडर चीनी-इलाइची का मिश्रण तैयार है.

सेब की सॉस तैयार कीजिए
गैस जलाकर पैन को गरम कर लीजिए. गरम पैन में कद्दूकस किया हुआ सेब और चीनी डाल दीजिए. इसको चीनी के अच्छी तरह से घुलने तक और सॉस जैसा होने तक पका लीजिए. गैस को धीमी ही रखिए.

जब तक सेब की सॉस तैयार हो, तब तक मेवे काटकर तैयार कर लीजिए. बादाम को 6 से 7 टुकड़ों और अखरोट को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लीजिए. पैन में बन रही सॉस को बीच-बीच में चलाते रहिए. सेब के एकदम पारदर्शी होते और चीनी के चाशनी बनकर सेब में अच्छे से घुल जाते ही एप्पल सॉस बनकर तैयार है, गैस बंद कर दीजिए.

बैटर बनाइए
एक बड़े प्याले में बटर (मक्खन) और तैयार एप्पल सॉस डाल लीजिए. दोनों सामग्री को अच्छे से मिक्स होने तक मिला लीजिए. एक अलग बड़े प्याले में मैदा लीजिए और इसमें बेकिंग सोडा और बेकिंग पाउडर डाल दीजिए. सारी चीजों को अच्छी तरीके से मिक्स कर लीजिए.

इसके बाद, मैदा-बेकिंग सोडा-बेकिंग पाउडर मिक्सचर को सॉस-मक्खन के मिश्रण में डाल दीजिए. इसमें थोड़ा-थोड़ा दही डालते हुए सभी सामग्रियों को सही से मिला लीजिए. फिर, इसमें नट्स (मेवे) डाल दीजिए और अच्छे से मिलने तक मिक्स कर लीजिए. नट्स को मिलाने के बाद, मिश्रण में ½ छोटी चम्मच वनीला एसेन्स डालकर मिक्स कर लीजिए. मफिन्स के लिए बैटर बनकर तैयार है.

मफिन्स बेक कीजिए
इसके लिए, सबसे पहले माइक्रोवेव को कन्वेक्शन मोड पर 180 डिग्री सेन्टीग्रेड पर प्रीहीट कर लीजिए. मफिन्स मेकर (ट्रे) के सांचों को थोड़े से घी या मक्खन से चिकना कर लीजिए. फिर, इन सांचों में थोड़ा सा सूखा मैदा भी डाल दीजिए और इसे हिलाकर चारों ओर मैदा की पतली सी परत बिछा लीजिए. इससे मफिन्स को आसानी से सांचों से बाहर निकाला जा सकता है. फिर, ट्रे को उल्टा करके अतिरिक्त मैदा को प्याले में झाड़ दीजिए.

इसके बाद, ट्रे के प्रत्येक सांचे को बैटर से ¾ हिस्सा भर दीजिए, थोड़ा-थोड़ा सांचे को खाली रहने दीजिए. बैटर को चम्मच से दबाकर एक जैसा कर दीजिए. अब, ट्रे को माइक्रोवेव में रख दीजिए और कन्वेक्शन मोड पर 180 डिग्री सेन्टीग्रेड तापमान पर 20 मिनिट के लिए बेक कीजिए.

20 मिनिट बाद मफिन्स को चैक कीजिए. मफिन्स ऊपर से हल्के ब्राउन हुए है. मफिंस के अंदर चाकू गढा़कर भी चैक कर लीजिए. यदि चाकू मिश्रण से बाहर साफ निकलता है, तो मफिन्स बेक हो चुके होंगे है और यदि चाकू के ऊपर बैटर लगकर आ रहा है तो अभी मफिंस अन्दर से कच्चा रह गया है. मफिन्स हल्के से कच्चे है, इसलिए इन्हें 4 मिनिट के लिए और बेक कर लीजिए. फिर, चैक कीजिए, मफिन्स गोल्डन ब्राउन होकर तैयार हैं. मफिन्स को पूरा बेक होने में 24 मिनिट लग गए हैं.

मफिन्स के थोडा़ ठंडा होने के बाद, पाउडर चीनी - इलाइची के मिश्रण को छलनी का उपयोग करते हुए मफिन्स के ऊपर छिड़क कर गार्निश कीजिए. एप्पल नट्स मफिन्स तैयार हैं, इन्हें आप फ्रिज में रखकर 3 से 4 दिनों तक मज़े से खा सकते हैं.

सुझाव

  • इन मफिन्स में आप काजू या अन्य मेवे भी डाल सकते हैं.
  • मफिन्स के लिए दही की जगह दूध का भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
  • विभिन्न ओवन/ माइक्रोवेव के बेकिंग समय में थोड़ा सा अंतर होता है. इसलिए मफिन्स को पहले 15 या 20 मिनिट बेक कर लीजिए, फिर इन्हें चैक कीजिए और मफिन्स को अच्छे गोल्डन ब्राउन होने तक समय बढ़ाते हुए बेक कीजिए.

Apple Nut Muffins Recipe - apple and nuts muffin recipe

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
4.6 / 5 (595 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (9)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

Ni tu jain
Thanx Nisha mam you are genius. I have tried a lot of your recipes and they are excellent. Thank you soooo much
NishaMadhulika
Ni tu jain जी, बहुत बहुत धन्यवाद एवं आभार.
Manju jain
Nisha ji muffins me one tea spoon backing powder aur 1/4 tea spoon baking soda daala hai Jabki orange cake me baking powder 1/2tea spoon daala Jabki cake ka measure 1cup hai please bataye main confuse ho jaate h
निशा: मंजू जी, आप किस केक के बारे में कह रहे हैं, उसमें बेकिंग पाउडर के साथ बेकिंग सोडा भी डाला होना चाहिये, अगर बेकिंग सोडा अधिक हो तो बेकिंग पाउडर कम कर सकते हैं, प्लीज आप कन्फ्यूज न हो.
Your name...
Go od evening. Aagr bekig soda na pasynd ho to Kay kare
निशा: मफिन बनाने के लिये बेकिंग सोडा या बेकिंग पाउडर डालना आवश्यक है.
Payal
Aunty
Hum muffin ke batter ko cake tin mei dalkr cooker mei bana skhte hai kya?

निशा: पायल जी, कुकर में भी मफिन बना सकते हैं, और बैटर को केक टिन में डालकर केक भी बना सकते हैं.
Geeta waghmare
Hello nishaji, i always follow your website. Tis very usefull. I have to ask you that if we don't have microwave then is it possible to bake an Apple pie st home? Please reply me

निशा: गीता जी, बहुत बहुत धन्यवाद. माइक्रोवेव न हो, तो ओवन में भी इसे बेक किया जा सकता है.
N.Pramila
Namaste noshaji , aapke recipes bahut ache lagte Hain. Mai koshish bhi karti hoon, acha Banta hai. Ye Jo muffins hain inhe cooker me bhi Bana sakte hain na.Jara aap kis tarah batayen to acha hoga. Dhanyavaad.

निशा: प्रमीला जी, हां, आप कुकर में केक की तरह मफिन भी बना सकते हैं, मफिन को बेक करने के लिये इडली स्टैन्ड का इस्तेमाल कीजिए.
Ritu
Thankyou so much NIsha ji...

निशा: ऋतु जी, आपको भी मेरी ओर से बहुत बहुत धन्यवाद.
sakshi niranjan
Akhrot n ho to

निशा: साक्षी जी, अखरोट न हो, तो आप अन्य मेवे जैसे कि मूंगफली, बादाम, पिस्ते इत्यादि डाल सकते हैं.