पालक वड़ा - Palak Vada Recipe - Dal Vada Recipe with Spinach

आयरन से भरपूर पालक से विविध प्रकार के व्यंजन बनते हैं. इससे बहुत ही बेहतरीन स्नैक्स पालक वड़ा भी बनाया जाता है. बेसन के घोल में पालक के पत्ते, मिर्च-मसाला मिक्स कर डीप फ्राय होकर तैयार वड़े अत्यधिक स्वादिष्ट होते हैं. हल्की फुल्की भूख लगने पर आप इन्हें झटपट तैयार कर सकते हैं.
Read - Palak Vada Recipe - Dal Vada Recipe with Spinach Recipe In English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Dal Vada Recipe with Spinach
- चने की दाल- ½ कप (100 ग्राम)
- पालक- 1 कप (100 ग्राम)
- हरी मिर्च- 2 (बारीक कटी हुई)
- अदरक- 1 इंच (कद्दूकस किया हुआ)
- धनिया पाउडर- 1 छोटी चम्मच
- नमक- ¾ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
- जीरा- ½ छोटी चम्मच
- कसूरी मेथी- 1 टेबल स्पून
- लाल मिर्च पाउडर- ¼ छोटी चम्मच
- तेल- तलने के लिए
विधि - How to make Palak Vada Recipe
पालक वड़ा बनाने के लिए दाल को पानी से अच्छे से धो लीजिए. इसे पानी में 6 से 7 घंटे के लिए भिगो दीजिए. पालक की मोटी डंडियां हटा दीजिए और पत्तों को अच्छे से धोकर के छलनी में रखकर पानी सुखा लीजिए.
इसके बाद, पालक के पत्तों को बारीक काटकर तैयार कर लीजिए. इसके लिए, पहले पत्तों को चॉपिंग बोर्ड पर रखकर चाकू से बीच में से काट लीजिए. फिर, सभी पत्तों को इकट्ठा करके महीन काट लीजिए.

मिश्रण तैयार कीजिए
पालक काटने के बाद, चने की दाल को पीस लीजिए. दाल को मिक्सर जार में डाल दीजिए और दाल को बिना पानी डाले मोटा दरदरा पीस लीजिए. दाल को एक बड़े प्याले में निकाल लीजिए. फिर, दाल में सभी मसाले- जीरा, नमक, धनिया पाउडर, अदरक का पेस्ट, हरी मिर्च, लाल मिर्च पाउडर और कसूरी मेथी डाल दीजिए. सारे मसालों को दाल में सही से मिला लीजिए. फिर, दाल में पालक भी डालकर अच्छे से मिक्स कर लीजिए.
वड़े बनाइए
पालक को दाल-मसाले में पूरी तरह से मिक्स करने के बाद वड़े बनाना शुरू कर दीजिए. इसके लिए, कढ़ाई में तेल गरम कर लीजिए. इसी बीच, हाथों में थोड़ा सा दाल-पालक का मिश्रण लीजिए और गोल करके हाथ से वड़े का आकार दे दीजिए. ऎसे ही 4 से 5 वड़े बनाकर तैयार कर लीजिए.
वड़े तलिए
तेल गरम होते ही गैस कम कर दीजिए और एक-एक करके चारों वड़े कढ़ाई में तलने डाल दीजिए. इन्हें पलट-पलट कर दोनों ओर से गोल्डन ब्राउन होने तक तल लीजिए. जब तक कढ़ाई में वड़े सिक रहे हैं, तब तक बाकी मिश्रण से भी वड़े बनाकर तैयार कर लीजिए.
वड़ों को गोल्डन ब्राउन होने के बाद, एक प्लेट में निकाल लीजिए और सारे वड़े इसी प्रकार तलकर तैयार कर लीजिए. इन वड़ों को भी अच्छे से तल जाने के बाद निकाल लीजिए और गैस बंद कर दीजिए.
स्वाद से भरपूर पालक वड़े बनकर तैयार हैं. पालक वड़ों को चिली सॉस, हरे धनिये की चटनी या टमेटो सॉस के साथ सर्व कीजिए और मज़े से खाइए व खिलाइए.
सुझाव
- कसूरी मेथी उपलब्ध न हो, तो हरा धनिया या 1 पिंच हींग भी डाल सकते हैं.
- वड़े तलने के लिए, आप किसी भी कुकिंग अॉयल का इस्तेमाल कर सकते हैं.
कमेंट (1)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।