ब्रेड पोहा - Bread Poha - Veg Bread Poha recipe

घर पर ब्रेड रखी हो और तुरत फुरत भूख मिटाने वाला स्नैक्स चाहिए, तो बनाइए ब्रेड पोहा. सब्जियों को डालकर बनने वाला यह पोहा स्वादिष्ट तो होता ही है, साथ ही पौष्टिक भी.
Read - Bread Poha - Veg Bread Poha Recipe In English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Veg Bread Poha recipe
- ब्रेड- 4
- हरा धनिया- 2 से 3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
- टमाटर- 2 (बारीक कटे हुए)
- आलू- 2 (उबले हुए) (बारीक कटे हुए)
- तेल- 2 टेबल स्पून
- मूंगफली के दाने- 2 टेबल स्पून (भुने और छिले हुए)
- हरी मटर के दाने- 2 टेबल स्पून
- राई/ सरसों के दाने- ¼ छोटी चम्मच
- हरी मिर्च- 1 (बारीक कटी हुई)
- अदरक का टुकड़ा- ½ इंच (कद्दूकस किया हुआ)
- नमक- ½ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
विधि - How to make Bread Poha
ब्रेड पोहा बनाने के लिए शुरूआत करते हैं ब्रेड को काटने से. इसके लिए, चारों ब्रेड को कटिंग बोर्ड पर रख लीजिए और इनको चाकू से पहले लंबाई और फिर, चौड़ाई में काटकर छोटे-छोटे टुकड़े कर लीजिए.
मूंगफली के दाने कूटनी में डालकर दरदरा कूट लीजिए.
सभी तैयारी करने के बाद, पोहा बनाने के लिए गैस जलाकर पैन को गरम कर लीजिए. पैन गरम होने के बाद, इसमें तेल डाल दीजिए. तेल गरम होते ही पैन में राई डालकर तड़का लीजिए. इसके बाद, हरी मिर्च और अदरक, डालकर मसाले को हल्का सा भून लीजिए. फिर, मूंगफली के दाने डालकर जरा सा भून लीजिए. मूंगफली को ब्राउन दिखाई देने तक लगभग ½ मिनिट तक भून लीजिए. फिर, पैन में मटर के दाने डालकर थोड़ा क्रंची होने तक 1 मिनिट भून लीजिए.

मटर भूनने के बाद, पैन में टमाटर डाल दीजिए और हल्के से नरम होने तक 1 से 2 मिनिट भून लीजिए. फिर, इसमें आलू और नमक डाल दीजिए और सभी सामग्री को कलछी से हिलाते हुए 1 से 2 मिनिट तक भून लीजिए. सब्जियां बनकर तैयार है, अब इनमें कटे हुए ब्रेड और आधा हरा धनिया डालकर मिला दीजिए. इन्हें सब्जियों में मिक्स करते हुए 2 मिनिट तक भून लीजिए.
ब्रेड पोहा बनकर तैयार है, इसे एक प्लेट में निकाल लीजिए. पोहा के ऊपर थोड़ा सा हरा धनिया डालकर गार्निश कर दीजिए और स्वादिष्ट ब्रेड पोहा को सुबह के नाश्ते, शाम को या कम भूख लगने पर गरमागरम सर्व कीजिए.
सुझाव
- अगर आप प्याज पसंद करते हैं तो राई के तड़कने के बाद, पैन में ½ बारीक कटा हुआ प्याज डालकर गुलाबी होने तक भून लीजिए. इसके बाद, सभी चीजों को ऊपर दिए गए क्रमानुसार डालकर पोहा बना लीजिए.
- अगर बच्चे मिर्च न पसंद करते हो तो आप मिर्च के बगैर ही पोहा बनाइए.
- ब्रेड पोहा सर्व करते समय, आप बेसन के बारीक सेव भी ऊपर से डाल सकते हैं.
कमेंट (8)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: प्रीती जी, सुझाव के लिए धन्यवाद.
निशा: विद्या जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: राहुल जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: ज़ायरा जी, धन्यवाद.
निशा: नीतू जी, धन्यवाद.
निशा: दुर्गा जी, धन्यवाद.
निशा: नीरजा जी, बहुत बहुत धन्यवाद.