मिक्स वेज पकौड़ा - Mix Vegetable Pakoda Recipe - Mixed Vegetable Pakora

📅 23 जनवरी 2017 👁 78.7 हज़ार बार देखी गई 💬 2 कमेंट ★ 2.9 (697)

विभिन्न प्रकार के पकौड़े तो आप अक्सर ही खाते रहते होंगे, लेकिन कई पकौड़ों का स्वाद इकट्ठा ही मिल जाए, तो फिर कहने ही क्या? इसी मिश्रित स्वाद के तर्ज पर बनी आज की रेसिपी मिक्स वेज पकौड़ा आज़माइए और अनुभव कीजिए पकौड़ों का एक अनोखा फ्लेवर.

Read - Mix Vegetable Pakoda Recipe - Mixed Vegetable Pakora Recipe In English 

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Mix Vegetable Pakoda Recipe

  • बेसन- 1.5 कप (200 ग्राम)
  • फूलगोभी- 100 ग्राम
  • आलू- 1
  • पत्तागोभी- 100 ग्राम
  • पालक- 1 कप (कटा हुआ)
  • मेथी- 1 कप (कटी हुई)
  • हरा धनिया- 3 से 4 टेबल स्पून (कटा हुआ)
  • अदरक का पेस्ट- 1 छोटी चम्मच
  • नमक- 1 छोटी चम्मच से ज्यादा या स्वादानुसार
  • हरी मिर्च- 2 से 3 (बारीक कटी हुई)
  • लाल मिर्च पाउडर- ¼ छोटी चम्मच
  • चाट मसाला- 1 छोटी चम्मच
  • तेल- पकौड़े तलने के लिए

विधि - How to make Mixed Vegetable Pakora

सब्जियां काटिए
पकौड़े बनाने के लिए आलू, गोभी और पत्तागोभी काटकर तैयार कर लीजिए. सबसे पहले फूलगोभी लीजिए और इसे चॉपिंग बोर्ड पर रखकर चाकू से छोटे छोटे टुकड़ों में काट लीजिए. एक प्याले में कटी हुई गोभी डाल लीजिए और इसी तरह से आलू भी पतला पतला और छोटा छोटा काट लीजिए. आलू को भी गोभी के ऊपर डाल दीजिए. इनके बाद, पत्तागोभी लीजिए और इसे भी बारीक काटकर उसी प्याले में रख लीजिए.

पकौड़ों का मिश्रण तैयार कीजिए
इन सब्जियों को काटने के बाद, पहले से कटी हुई सब्जियां- पालक और मेथी भी प्याले में डाल दीजिए. फिर इन सब्जियों में अदरक का पेस्ट, नमक, हरी मिर्च, हरा धनिया और लाल मिर्च पाउडर डाल दीजिए. सभी सामग्री को अच्छे से मिलाकर तैयार कर लीजिए.

सब्जियों और मसालों को मिक्स करने के बाद, बेसन को सूखा ही इन पर डाल दीजिए. इनमें बेसन इतना मिलाइए कि सब्जियां अच्छे से बाइन्ड हो जाए. बेसन के बाद, इनमें थोड़ा सा पानी डाल दीजिए और सही से मिक्स कर लीजिए. पकौड़ों के लिए मिश्रण तैयार है और इस मिश्रण को तैयार करने में ½ कप पानी का उपयोग हुआ है.

पकौड़े तलिए
गैस जलाकर कढ़ाई में तेल गरम कर लीजिए. गरम तेल में एक पकौड़ा डालकर देख लीजिए कि तेल कितना गरम है. पकौड़ा सिक कर ऊपर आ रहा है, तो तेल सही से गरम है. अब, पकौड़े तलने के लिए कढ़ाई में डाल दीजिए. इसके लिए, थोड़ा थोड़ा मिश्रण उठाकर हाथ में ही अच्छे से बाइन्ड करके कढ़ाई में डाल दीजिए. एक बार में जितने पकौड़े कढ़ाई में बन जाए, उतने डाल दीजिए. पकौड़ों को पलट-पलट कर गोल्डन ब्राउन होने तक तल लीजिए.

पकौड़ों के गोल्डन ब्राउन होने के बाद, इन्हें नैपकिन पेपर बिछाकर रखी हुई एक प्लेट में निकाल लीजिए. बाकी पकौड़े भी इसी प्रकार तलकर तैयार कर लीजिए. एक बार के पकौड़े फ्राय होने में 6 से 7 मिनिट लग जाते हैं. पकौड़ों के ऊपर थोड़ा सा चाट मसाला छिड़क दीजिए. इससे पकौड़े और भी स्वादिष्ट हो जाते हैं.

स्वाद से भरपूर करारे-करारे मिक्स वेज पकौड़े बनकर तैयार हैं. इन पकौड़ों को टमेटो सॉस, चिली सॉस या हरे धनिये की चटनी के साथ सर्व कीजिए और चटखारे लेते हुए खाइए.

सुझाव

  • सब्जियां आप अपनी पसंद और उपलब्धता के अनुसार चुन सकते हैं. आप इसमें बैंगन, जुकिनी, लौकी, शिमला मिर्च इत्यादि का इस्तेमाल कर सकते हैं.
  • पकौड़े तलने के लिए तेल ठीक गरम चाहिए इसलिए तेल को पहले अच्छे से गरम कर लीजिए. फिर, मध्यम-तेज या मध्यम आंच पर पकौड़े तलिए.
  • 4 से 5 सदस्यों के लिए पर्याप्त

Mix Vegetable Pakoda Recipe - Mixed Vegetable Pakora

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
2.9 / 5 (697 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (2)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

Yash dhir
How many calories in 100gms. Of mix veg pakoras
निशा: यश जी, खाना स्वाद देखकर खाया जाता है, उसकी कैलरी काउन्ट करके नहीं .
Madhu
Nisha mam
Namskar
Pakode ki recipe bahut achchhi lagi, dhanyawad

निशा: मधु जी, बहुत बहुत धन्यवाद.