आलू के वेफर्स - Crispy Thin Potato Chips - Potato Wafers - Aloo Chips - Batata Wafers
हल्के फुल्के स्नैक्स में शामिल पोटेटो वेफर्स बच्चों को बेहद पसंद होते हैं. पुराने आलू के पतले पतले चिप्स काटकर, उबालकर व सुखाकर बनाए जाने वाले ये वेफर्स तलने पर काफी क्रिस्पी और स्वादिष्ट लगते हैं. एक बार आप आलू के वेफर्स बनाकर रख लीजिए और 15 से 20 दिनों तक वेफर्स के स्वाद का मज़ा चाय या कॉफी के साथ लीजिए.
Read - Crispy Thin Potato Chips - Potato Wafers - Batata Wafers Recipe In English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Aloo Chips
- आलू- 3 (500 ग्राम) (छिले हुए)
- तेल- वेफर्स तलने के लिए
- नमक- चिप्स पर बुरकने के लिए
- काली मिर्च- वेफर्स पर बुरकने के लिए
विधि - How to make Potato Wafers
आलू के वेफर्स बनाने के लिए सबसे पहले आलू के चिप्स काटकर तैयार कर लीजिए. इसके लिए, एक बड़े प्याले में पानी ले लीजिए. चिप्स कटर उठाइए और इसे प्याले पर रखिए. एक आलू लीजिए और चिप्स काट लीजिए. इसी तरह बाकी आलू के चिप्स को भी काट लीजिए. इन्हें 15 से 20 मिनिट के लिए पानी में डूबे रहने दीजिए.
20 मिनिट बाद, चिप्स को पानी में से निकालकर सुखा लीजिए. इसके लिए, एक ट्रे पर सूती कपड़ा बिछा लीजिए और इस पर एक-एक करके सारे चिप्स पानी से निकालकर रख दीजिए ताकि इनमें से अतिरिक्त पानी कपड़ा सोख ले. अब, इन्हें 15 से 20 मिनिट के लिए पंखे की हवा में सुखा लीजिए ताकि ये फरेरे होकर तैयार हो जाएं. बाद में, चिप्स को कपड़े से अच्छे से पौंछ लीजिए.
चिप्स तलने के लिए, गैस पर कड़ाई में तेल डालकर गरम होने रख दीजिए. तेल गरम होने पर इसे चैक कर लीजिए. इसके लिए, कड़ाई के ऊपर हाथ ले जाकर देखिए, अच्छी हीट आ रही है, तो तेल गरम हो गया है. तेल में एक-एक करके कड़ाई के अनुपात के अनुसार चिप्स तलने के लिए डाल दीजिए.

चिप्स को कलछी से हल्का सा दबा-दबाकर मध्यम आंच पर क्रिस्पी होने तक तल लीजिए. चिप्स को बीच-बीच में कलछी से चला लीजिए. जैसे ही चिप्स क्रिस्पी होकर तैयार हो जाएं, वैसे ही इन्हें कड़ाई के ऊपर ही एक छलनी में निकाल लीजिए ताकि अतिरिक्त तेल कड़ाई में ही वापस चला जाए. इसके बाद, चिप्स को प्लेट पर रखी हुई छलनी में डाल दीजिए. इसी तरीके से सारे चिप्स तलकर तैयार कर लीजिए और गैस बंद कर दीजिए. एक बार के चिप्स तलने में करीब 5 से 6 मिनिट लग जाते हैं.
इन चिप्स पर थोड़ा सा नमक और थोड़ा सी काली मिर्च बुरक लीजिए और छलनी में चिप्स को हिला-हिलाकर मिक्स कर लीजिए. आलू के चिप्स तैयार हैं, इन्हें एक प्लेट में निकाल लीजिए.
एकदम कुरकुरे वेफर्स को पूरी तरह से ठंडा होने के बाद किसी एअर-टाइट डिब्बे में भरकर स्टोर कर लीजिए और पूरे 15 से 20 दिनों तक मज़े से खाइए.
सुझाव
- चिप्स के लिए पुराने आलू ही लें और चिप्स तलते समय ध्यान रखे कि तेल का तापमान मध्यम हो और आंच भी मध्यम ही होनी चाहिए.
- कड़ाई में तेल की छनछन की आवाज खत्म होते ही समझ लीजिए कि चिप्स क्रिस्पी होकर तैयार हो गए हैं.
Crispy Thin Potato Chips - Potato Wafers - Aloo Chips - Batata Wafers

कमेंट (12)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: प्रनिता जी, आलू कच्चे होने पर, या कम पके होने से एसा होता है.
निशा: खुशी जी, इन्हे धूप में नहीं सुखाया जाता है इन्हैं छाया में सिर्फ फरेरा ही करना है.
निशा: राजेश जी, चिप्स के लिए पुराने आलू लीजिए और आलू को काटने के बाद फिटकरी के पानी में डुबोकर रखिए, इससे चिप्स का रंग सफेद रहता है.
maine aloo k chips bnae pr tlne pr lal ho ree hay
निशा: क्षमा जी, आलू अलग वैराइटी के होने के कारण ऎसा हो जाता है. आलू के चिप्स पुराने आलू से ही अच्छे बनते हैं.
निशा: रितु जी, आपको भी मेरी ओर से बहुत बहुत धन्यवाद.