गोभी का अचार - Gobi Ka Achaar - Cauliflower pickle recipe - Pickle Gobhi Achar
सर्दियों के मौसम में ताजी फूलगोभी से बना अचार काफी चटपटा और मज़ेदार होता है. गोभी को फ्लोरेट, ब्लांच और मसाले व सरसों का तेल मिक्स करके तैयार होने वाले इस अचार का स्वाद सभी के ज़बान पर चढ़ जाता है. सब्जी के बगैर भी सिर्फ गोभी के अचार के साथ पूरी, परांठे और चपाती खाने का अनुभव ही अलग होता है.
Read - Gobi Ka Achaar - Cauliflower pickle recipe - Pickle Gobhi Achar Recipe In English
आवश्यक सामग्री- Ingredients for Cauliflower pickle recipe
- फूलगोभी- 1 (750 ग्राम)
- नमक- 2 छोटी चम्मच
- सरसों का तेल- ½ कप (100 ग्राम)
- सफेद सिरका- 2 टेबल स्पून
- नमक- 2 छोटी चम्मच
- सरसों का पाउडर- 2 छोटी चम्मच (दरदरा कुटा हुआ)
- सौंफ- 2 छोटी चम्मच (दरदरी कुटी हुई)
- हींग- 1 पिंच
- हल्दी पाउडर- 1 छोटी चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर- 1 छोटी चम्मच
- मैथी पाउडर – 1 छोटी चम्मच (दरदरा कुटा हुआ)
विधि - How to make Pickle Gobhi Achar
गोभी फ्लोरेट कीजिए
गोभी का अचार बनाने के लिए सबसे पहले गोभी को फ्लोरेट कर लीजिए. इसके लिए, गोभी का डंठल काटकर हटा दीजिए और गोभी के छोटे-छोटे फूल अलग कर लीजिए.
गोभी नमक के पानी में डालिए
गोभी को नमक के पानी में डालने के लिए, एक बड़ा प्याला लीजिए और इसमें इतना पानी डाल लीजिए जिसमें कि गोभी आराम से डूब सके. फिर, पानी में 2 छोटी नमक डालकर मिक्स कर लीजिए. गोभी के टुकड़ों को इस पानी में डाल दीजिए और पूरे 10 मिनिट तक डूबे रहने दीजिए.
10 मिनिट बाद, गोभी को अच्छे से धोकर पानी में से निकाल लीजिए और गोभी को एक बार और सादे पानी से धो लीजिए.
गोभी ब्लांच कीजिए
गोभी को ब्लांच करने के लिए, भगोने में पानी उबाल लीजिए. पानी में अच्छे से उबाल आने पर गोभी के टुकड़ों को डाल दीजिए. इसे ढककर रख दीजिए और 3 मिनिट के लिए उबलने दीजिए.
3 मिनिट बाद, गैस बंद कर दीजिए. गोभी को एक बड़े प्याले में रखी छलनी में निकाल लीजिए. इससे अतिरिक्त पानी नीचे प्याले में निकल जाएगा.

गोभी सुखाइए
ट्रे पर साफ सूती कपड़ा बिछा दीजिए और इस पर गोभी को डाल दीजिए. गोभी के टुकड़ों को इकहरा फैला लीजिए और गोभी को 2 घंटे के लिए धूप में सुखा लीजिए.
गोभी को 3 घंटे अच्छे से सुखाने के बाद अचार बना लीजिए. इसके लिए, एक ओर पैन में सरसों के तेल को गैस पर गरम कर लीजिए. दूसरी ओर, एक प्याला लीजिए और इसमें गोभी के टुकड़ों को डाल दीजिए. तेल के अच्छे गरम होने और धुआं उठने के साथ ही गैस बंद कर दीजिए और तेल को थोड़ा सा ठंडा होने दीजिए.
गोभी में मसाले मिक्स कीजिए
गोभी में नमक, सरसों का दरदरा कुटा पाउडर, दरदरी कुटी सौंफ, दरदरा कुटा मेथी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, हींग और सिरका डाल दीजिए. सभी मसालों को डालने के बाद, गोभी में तेल डाल दीजिए और सारी सामग्री को अच्छे से मिलने तक मिक्स कर लीजिए.
स्वाद से भरपूर गोभी का अचार बनकर तैयार है. आप इसे अभी भी खा सकते हैं, लेकिन अचार का असली स्वाद तीसरे दिन मिलता है, जब सारे मसाले गोभी में ज़ज़्ब हो जाएंगे. अचार को एअर-टाइट कन्टेनर में भरकर रख दीजिए और दूसरे दिन चमचे से चला लीजिए.
सुझाव
- गोभी को नमक के पानी में इसलिए डाला गया है ताकि ये अच्छे से साफ हो सके और इसके सभी बैक्टीरिया खत्म हो जाए.
- सरसों के तेल का तीखापन कम करने के लिए, तेल को गरम किया गया है. अगर आप चाहे, तो बिना गरम किए भी तेल का सीधे इस्तेमाल कर सकते हैं.
- सिरका अचार के स्वाद को बढ़ाता है और अचार की शेल्फ लाइफ भी लंबी करता है.
- जब भी अचार निकालें, तो साफ और सूखी चम्मच का ही उपयोग कीजिए. अचार को जिस कन्टेनर में रख रहे हैं, उसे उबले पानी से अच्छे से धो ले और फिर धूप या ओवन में सुखा लीजिए. ध्यान रखें कि कन्टेनर में किसी भी तरह की नमी न रहें.
Gobi Ka Achaar - Cauliflower pickle recipe - Pickle Gobhi Achar

कमेंट (9)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
senda namak ya kala namak dal sake hai
निशा: इंद्रपाल जी, आप इसमें रिफाइंड तेल का उपयोग कर सकते हैं.
निशा: मोनिका जी, अचार को बिना विनेगर के बनाया जा सकता है लेकिन अचार की शेल्फ लाइफ कम होती है, अचार में किसी भी तरह का थोड़ा सा विनेगर डालने से अचार का स्वाद और शैल्फ लाइफ दोंनों बढ़ जाते हैं.
निशा:पिया जी मैं इसे बनाने की कोशिश करूंगी.