मूंग दाल पनीर स्टफ्ड चीला - Moong Dal Cheela with paneer filling

📅 5 दिसंबर 2016 👁 1.8 लाख बार देखी गई 💬 8 कमेंट ★ 3.3 (1095)


पनीर में ताजा कतरी हुई सब्जियां मिलाकर बनाई फिलिंग को मूगदाल के चीले अन्दर भरिये और गर्मागर्म चाहे शाम के नास्ते में परोसिये या छुट्टी के दिन चाय के साथ. इसे हम बच्चों के टिफिन में भी रख सकते हैं.

Read - Moong Dal Cheela with paneer filling Recipe In English

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Moong dal pancake Paneer stuffed

  • मूंग दाल- 1 कप (180 ग्राम) (भीगी हुई)
  • पनीर- 100 ग्राम
  • शिमला मिर्च- ½ कप (बारीक कटी हुई)
  • बेबी कॉर्न- ½ कप (बारीक कटी हुई)
  • गाजर- ½ कप (बारीक कटा हुआ) (कद्दूकस किया हुआ)
  • हरा धनिया- 3 से 4 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
  • नमक- 1 छोटी चम्मच से ज्यादा या स्वादानुसार
  • अदरक का पेस्ट- 1.5 छोटी चम्मच
  • हरी मिर्च- 1 (बारीक कटी हुई)
  • हरी मिर्च- 1
  • तेल- 3 से 4 टेबल स्पून

विधि - How to make Moong Dal Cheela with paneer filling

दाल पीसिए
मूंग की दाल का चीला बनाने के लिए सबसे पहले मूंग की दाल को पीसकर तैयार कर लीजिए. इसके लिए, मिक्सर जार में भीगी हुई मूंग की दाल डाल दीजिए. साथ ही 1 से 2 टेबल स्पून पानी, 1 हरी मिर्च मोटी-मोटी काटकर, ¾ छोटी चम्मच अदरक का पेस्ट और ¾ छोटी चम्मच नमक भी डाल दीजिए और इन्हें हल्का दरदरा पीसकर तैयार कर लीजिए.

बैटर बनाइए
एक प्याले में पिसी हुई दाल निकाल लीजिए. इस हल्की दरदरी दाल में थोड़ा सा पानी मिलाकर पतला कर लीजिए. दाल की कन्सिस्टेन्सी बिल्कुल डोसा के बैटर की कन्सिस्टेन्सी जैसी होनी चाहिए. इसमें करीब 5 से 6 टेबल स्पून पानी मिलाया है. (2 टेबल स्पून पानी पीसते समय और 3 से 4 बाद में बढ़ाया है.) बैटर तैयार है.

स्टफिंग तैयार कीजिए
स्टफिंग तैयार करने के लिए, एक पैन गैस पर गरम कीजिए और इसमें 2 छोटी चम्मच तेल डालकर गरम कर लीजिए. इसमें ½ छोटी चम्मच अदरक का पेस्ट और बारीक कटी हरी मिर्च डालकर हल्का सा भून लीजिए. इसके बाद, पैन में गाजर और बेबी कॉर्न डाल दीजिए और 1 मिनिट भून लीजिए. 1 मिनिट बाद, इसमें शिमला मिर्च और ½ छोटी चम्मच नमक डालकर और 1 मिनिट सब्जियों को लगातार चलाते हुए भून लीजिए. सब्जियों को क्रन्ची ही रखना है. सब्जियां भुनकर तैयार हो चुकी हैं, गैस बंद कर दीजिए.+

सब्जियों में हरा धनिया डाल दीजिए और मिक्स कर लीजिए. इन भुनी हुई सब्जियों को एक प्लेट में निकाल लीजिए ताकि ये जल्दी से ठंडा हो जाएं. फिर, सब्जियों में पनीर कद्दूकस करके डाल लीजिए और पनीर को सब्जियों में अच्छी तरह से मिला लीजिए. स्टफिंग बनकर तैयार है.

चीला सेकिए
चीला सेकने के लिए, गैस पर गरम होने रख दीजिए. तवे पर थोड़ा सा तेल डाल लीजिए और चारों ओर एक जैसा फैला दीजिए और तवे को और गरम होने दीजिए. दाल में थोड़ा सा हरा धनिया डाल दीजिए.

तवे के गरम होने के बाद, गैस बिल्कुल धीमी कर दीजिए और तवे को थोड़ा सा ठंडा कर लीजिए. नैपकिन की सहायता से तवे पर से अतिरिक्त तेल पौंछ दीजिए. चीला फैलाने के लिए एक चमचा भरकर बैटर तवे पर डाल दीजिए और चमचे को गोल-गोल घुमाते हुए पतला चीला फैला लीजिए. चीला फैलाने के बाद, गैस तेज कर लीजिए और चम्मच से चीले के चारों ओर थोड़ा-थोड़ा तेल डाल दीजिए. जरा सा तेल चीले के ऊपर भी डाल दीजिए और चीले को नीचे की ओर से अच्छा गोल्डन ब्राउन होने तक सेक लीजिए.

चीले के ऊपर से थोड़ा सा गहरे रंग का होते ही, इसे पलट दीजिए और दूसरी ओर से हल्की ब्राउन चित्ती आने तक सेक लीजिए. आंच को अपने नियंत्रण में रखिए और जरूरतानुसार मध्यम या मध्यम तेज कर लीजिए. चीले को पलटकर पीछे की ओर से भी देख लीजिए. इस पर ब्राउन चित्ती आ गई है. चीला सिककर तैयार है. गैस को एकदम धीमा कर दीजिए.

फिलिंग भरिये
चीले के इस ओर 3 छोटी चम्मच स्टफिंग रख दीजिए और चीले को दोनों किनारों से स्टफिंग को ढकते हुए मोड़ दीजिए. चीले को एक प्लेट में निकालकर रख लीजिए और इसी तरीके से सारे चीले बनाकर तैयार कर लीजिए.

गैस को एकदम धीमा कर दीजिए. तवे पर दिख रहे तेल या दाल को नैपकिन की मदद से अच्छी तरह से पौंछ लीजिए और तवे को थोड़ा ठंडा होने दीजिए. इसके बाद ही दूसरा चीला फैलाइए. तवे पर थोड़ा सा पानी छिड़क कर भी ठंडा कर सकते हैं. पानी को पौंछ दीजिए और फिर चीला फैला दीजिए. चीला फैलाते समय गैस एकदम धीमी रखिए और बिल्कुल पहले वाले चीले की तरह तवे पर फैला दीजिए. सभी चीले इसी प्रकार बनाकर तैयार कर लीजिए.

मूंग दाल के स्टफ्ड चीले  तैयार हैं. इन्हें हरे धनिये की तीखी चटनी, मीठी चटनी या किसी भी अपनी मनपसंद चटनी के साथ सर्व कीजिए और गरमागरम चीलों के स्वाद का आनंद उठाइए.
 
सुझाव

  • बैटर ज्यादा गाढ़ा या ज्यादा पतला नही होना चाहिए.
  • चीले अपनी पसंदानुसार थोड़े से बड़े या छोटे बनाए जा सकते हैं.
  • बच्चों के लिए चीला बना रहे हैं और वे तीखा न पसंद करते हो, तो इसमें हरी मिर्च मत डालिए.
  • आप इसमें अपनी पसंदानुसार सब्जियों जैसे कि फूलगोभी, पत्तागोभी इत्यादि का भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
  • तवे पर चीला फैलाते समय गैस एकदम धीमी रखिए.
  • 5 से 6 चीले बनाने के लिए पर्याप्त

Moong Dal Cheela with paneer filling - Moong dal pancake Paneer stuffed

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
3.3 / 5 (1095 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (8)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

kamlesh
पनीर चिल्ला मे दाल पिसते समय चावल भी पिसते है या नहीं।

निशा: कमलेश जी, इसे सिर्फ दाल से ही बनाया गया है.
Indu dua
Kya hum chilla half sek kar rakh sakte hai? Jase 2…3 hours pahle guest ke ane se fir unke ane per oil dal kar sek le.

निशा: इंदू जी, चीला बनाने में वैसे अधिक समय नहीं लगत है अगर आप सारी तैयारी पहले से कर लेती हैं और फिर उन्हें बना कर सर्व करेंगी तो वे ज्यादा स्वादिष्ट लगेंगे.
Sonal
Bohut bohut tasty moong cheela. Nisha ji ab tak ka sabse tasty cheela. Ghar mei sabko bohut pasand aaya.
Aapko roz follow karti hoon. Aapke haathon mei jaadu hai.
Thank you

निशा: सोनल जी, आपके इस प्रेम और सहयोग के लिए बहुत बहुत धन्यवाद.
Priti
Awesome..
I love your recepie mam

निशा: प्रीती जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
Dr. veera Jani
Mam I have not tried yet but after making it for my kid I will post the best comments from him. As he likes a lot a new food prepared from your website.

निशा: वीरा जी, अपना अनुभव शेयर करने के लिए बहुत बहुत धन्यवाद.
Heena
Sweet recipe

निशा: हीना जी, धन्यवाद.
shweta
mam baby corn kya hota h??

निशा: श्वेता जी, बेबी कॉर्न मक्के के एकदम कच्चे और छोटे भुट्टे होते हैं, जिन्हें सिल्क आने के 2 से 3 दिन में ही तोड़ लिया जाता है.
Mayank
Ragi ki roti recipe plz

निशा: मयंक जी, हम जल्दी ही रेसिपी पोस्ट करेंगे.