मैकरोनी चीज़ समोसा - Macaroni Cheese Samosa Recipe

मैकरोनी और चीज मिलाकर भरे हुये समोसे स्ट्रीट फूड के रूप में आजकल बहुत पसंद किये जा रहे हैं. इन्हें पैकेट्स और समोसे दोनो शेप में बनाया जा सकता है. बच्चों को तो ये बहुत ही पसंद आयेंगे.
Read - Macaroni Cheese Samosa Recipe In English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Pasta Samosa
आटा लगाने के लिए
- मैदा - 2 कप (250 ग्राम)
- घी - ¼ कप (60 ग्राम)
- नमक - ½ छोटी चम्मच
स्टफिंग के लिए
- मैकरोनी - ½ कप (उबली हुई)
- मोजेरिला चीज - 100 ग्राम
- टमाटर - 1 (पेस्ट)
- हरी मिर्च - 1 (पेस्ट)
- अदरक का पेस्ट - 1 छोटी चम्मच
- हरा धनिया - 2-3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
- लाल मिर्च पाउडर - ¼ छोटी चम्मच
- नमक - ½ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
विधि - Macaroni Cheese Samosa Recipe
मैदा में घी और नमक डालिये, अच्छी तरह मिला लीजिये. पानी की सहायता से सख्त आटा गूंथ कर तैयार कर लीजिये. आटे को सैट होने के लिये 20 -25 मिनिट के लिये ढककर रख दीजिये.
स्टफिंग तैयार करें
पैन में 1 बड़ी चम्मच तेल डालकर गरम कीजिए. तेल के गरम होने पर अदरक का पेस्ट, टमाटर-मिर्च का पेस्ट डाल दीजिए. अब लाल मिर्च पाउडर और नमक डालकर मसाले को तब तक भूने जब तक की मसाले से तेल अलग न होने लगे.
मसाला भूनने पर गैस बंद कर दीजिए. मसाले में उबाल कर रखी हुई मैकरोनी डाल कर अच्छी तरह मिला दीजिए और हरा धनिया डाल कर मिला लीजिए. स्टफिंग को प्याले में निकाल लीजिए.
स्टफिंग के ठंडा हो जाने पर कद्दूकस किया मोजेरिला चीज डाल कर अच्छी तरह मिला लीजिए.
आटा सैट हो जाने पर आटे को थोडा़ सा मसल कर चिकना कर लीजिए. अब आटे को 2 भागों में बांट लीजिए.

एक भाग से समौसे तैयार कीजिए और दूसरे भाग से पैकेट तैयार कर लीजिए.
आटे के एक भाग से बराबर की 3 लोई तैयार कर लीजिए.
एक लोई उठाएं, हाथों से गोल आकार देते हुए इसे चकले पर रखें और बेलन से लम्बाई में पतला बेलते हुए तैयार कर लीजिये .बेली गई पूरी को दो बराबर के भागों में चाकू की सहायता से काट लीजिये. एक भाग उठाइये और हाथ पर रखिये, काटी हुई तरफ आधे भाग पर पानी लगाइये और पानी लगी साइड पर दूसरा आधा हिस्सा रखते हुये तिकोन बनाते हुये मोड़ें (तिकोन बनाने का तरीका वीडियो से देखा जा सकता है).
तिकोन में 2-3 चम्मच स्टफिंग भरिये. स्टफिंग भरने के बाद, पीछे की ओर एक प्लेट बना दीजिये, ऊपर के दोनों किनारों को पानी की सहायता से अच्छी तरह चिपका दीजिये. तैयार समोसे को प्लेट में रख लीजिये. सारे समोसे इसी तरह से तैयार कर लीजिये.
पैकेटस बनाइये - Macaroni Cheese Packets
अब आटे के दूसरे भाग से छोटी छोटी 8 लोई तोड़ कर तैयार कर लीजिए. एक लोई उठाएं गोल करें और 3-4 इंच के व्यास में पतली पूरी बेल कर तैयार कर लीजिए. इस पर 2 से ढाई चम्मच स्टफिंग की रख दीजिए और इसे पैकट का आकार देते हुए फोल्ड कीजिए और पानी की मदद से चिपका लीजिए. सारे पैकेट्स तैयार करके प्लेट में रख लीजिये.

तलने के लिये कढ़ाई में तेल डालिये, गरम होने दीजिये, समोसे तलने के लिये तेल मीडियम गरम होना चाहिये, एक बार में जितने समोसे या पैकेट्स आ जाय डाल दीजिये और मीडियम गैस पर, इन्हें गोल्डन ब्राउन होने तक तलिये, और प्लेट में निकाल लीजिए. सारे समोसे और पैकट्स तल कर तैयार कर लीजिये.
गरमा गरम समोसे और पैकेट बन कर तैयार हैं. हरे धनिये की चटनी, मीठी चटनी या कोई भी सास जो आप पसन्द करें, के साथ परोसिये और खाइये.
सुझाव
- समोसे और पैकेट्स को स्टफिंग भरने के बाद पानी की सहायता से अच्छी तरह चिपकायें.
- समोसे को मीडियम गरम तेल में डालें और मीडियम गैस पर अच्छे गोल्डन ब्राउन होने तक तलें
- समोसे को बनाकर आधा से 1 घंटे के लिये कपड़े से ढककर रख दीजिये, और अब तल लीजिये, एसा करने से समोसे के ऊपर बबल नहीं आते. आटे में घी का मोयन डालने से भी समोसे में बबल नहीं आते और समोसे ज्यादा स्वादिष्ट बनते.हैं.
कमेंट (6)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: काजल जी, आप रैसिपी बनाइए और अपने अनुभव हमारे साथ जरूर शेयर कीजिए.
muje rajasthani famus dish recepy sahiye balu shahi
निशा: शेट्टी जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: स्वपनिल जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: गुंजन जी, बहुत बहुत धन्यवाद.