मीठा पोंगल - Sweet Pongal Recipe

मीठा पोंगल दक्षिणी भारत में अनेक त्योहारों पर बनाकर, कृष्ण भगवान को अर्पण करके, प्रसाद के रूप में खाया जाता है, मीठा पोंगल को पारम्परिक, भारी तले के बर्तन में बनाया जाता है, लेकिन इसे कुकर में भी बड़ी आसानी से और बहुत जल्दी बनाया जा सकता है.
Read - Sweet Pongal Recipe in English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Sweet Pongal
- चावल - 1/2 कप (100 ग्राम)
- मूंग दाल - 3 टेबल स्पून (25 ग्राम)
- गुड़ - 1/2 कप (125 ग्राम)
- घी - 2 - 3 टेबल स्पून
- किशमिश - 1 टेबल स्पून
- काजू - 8-10
- इलाइची - 2
- लौंग - 1
- जायफल - 1 पिंच
- नमक - 1 पिंच
विधि - How to make Sweet Pongal
चावलों को अच्छी तरह साफ करके, धोकर, 20 मिनिट के लिये पानी में भिगो दीजिए और बाद में अतिरिक्त पानी निकाल कर हटा दीजिये. मूंग की दाल को धोकर ले लीजिये.
कुकर में एक चम्मच घी डालकर गरम कर लीजिए. घी के हल्का गरम होने पर काजू और किशमिश डाल कर हल्का ब्राउन करते हुए निकाल लीजिए.
बचे घी में दाल डाल कर भून लीजिए. दाल को हल्का सा भून लेने के बाद इसमें चावल डाल दीजिए और इसे भी थोडा़ सा भून लीजिए. अब 1 ½ कप पानी डालकर मिक्स कर लीजिए . छोटी इलायची, लौंग, जायफल को पीसकर पाउडर बना लीजिए.

लोंग, जायफल पाउडर, और नमक डाल कर, दाल, चावल में मिक्स कर दीजिये. कुकर बन्द कर दीजिये और कुकर में एक सीटी आने के बाद गैस धीमी कर दीजिए, धीमी आंच पर 2-3 मिनट के लिए पकने दीजिए. आग बन्द कर दीजिये. कुकर का प्रेशर खतम होने पर कुकर का ढक्कन खोलिये
गुड़ को छोटे छोटे टुकड़ों में तोड़ लीजिये, गुड़ के टुकड़े और 1 कप पानी एक भगोने में डाल कर गरम कीजिये, गुड़ के पानी में घुलने तक पका लीजिये. गुड़ का सीरप बन कर तैयार है गैस बंद कर दीजिए और सीरप को छलनी से छान लीजिए.
सीरप को पके हुये दाल-चावल में डालकर 2 मिनिट के लिए पका लीजिए और भून कर रखे काजू किशमिश, आधे काजू किशमिश, इलाइची पाउडर और घी डाल कर अच्छी तरह मिक्स कर लीजिए. मीठा पोंगल बनकर तैयार है इसे प्याले में निकाल लीजिए. बचाये हुये काजू किशमिश डाल कर गार्निश कीजिये, और परोसिये.
सुझाव :
- मीठा पोंगल में गुड़ अपनी पसन्द के अनुसार कम और ज्यादा किया जा सकता है.
- मीठा पोंगल का कलर गुड़ के कलर पर निर्भर करता है, हल्के रंग के गुड़ से कलर हल्का और डार्क रंग के गुड़ से मीठा पोंगल का कलर डार्क हो जाता है.
कमेंट (7)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: दीपक जी, धन्यवाद.
निशा: रिंकी जी, मैं भोगि बनाने की कोशिश करूंगी.
निशा: नीतिमा जी, केक को बिना बेकिंग पाउडर के नहीं बनाया जाता है, वेबसाइट पर शिशुयों के लिये आहार आर्टीकल दिया है, उसमें 6 माह से 2 साल तक के बच्चे के लिये खाना कैसा हो, कई सुझाव है, प्लीज आप उसे पढ़ लीजिये, वेबसाइट के सर्च बटन पर शिशुयों के लिये आहार लिखकर इसे सर्च कर सकते हैं.
निशा: अभिमन्यू जी, मैं आगे से ध्यान रखूंगी, पोंगल के लिये आप बासमती चावल यूज कर सकते हैं.
निशा: ज्योति जी, आपको भी मकर संक्रान्ति की शुभकामनायें.