पनपथी रोटी - जो बचपन में दादी के हाथ की जरूर खाई होगी । Traditional Panpathi Roti Recipe
ट्रेडिशनल पनपथी रोटी। पहले के जमाने पर ज्यादातर लोग पनपथी रोटी ही खाते थें लेकिन आज कल के बच्चें पनपथी रोटी के बारे में शायद ही जानते होगें। हाथ से बनाई हुई पनपथी रोटी का स्वाद बेलन से बनाई रोटी के मुकाबले बहुत ही स्वादिष्ट होता है। हाथ से बनी रोटी का स्वाद ही कुछ अलग होता है।
आवश्यक सामग्री
- गेंहू का आटा - 2 कप (300 ग्राम)
- बेसन - 1/2 कप (50 ग्राम)
- घी - 2 बड़ी चम्मच
- अजवाइन - 1/2 छोटी चम्मच
- तेल - 2 छोटी चम्मच
- नमक - 1/2 छोटी चम्मच से थोड़ा सा ज्यादा
विधि
पनपथी रोटी बनाने के लिए आटा तैयार कर लीजिए आटा बनाने के लिए एक बर्तन में 2 कप गेंहू का आटा, 1/2 कप बेसन, 1/2 छोटी चम्मच अजवाइन, 1/2 छोटी चम्मच से थोड़ा सा ज्यादा नमक और 2 छोटे चम्मच तेल डाल कर सभी चीजों को मिला दीजिए।अब थोड़ा-थोड़ा हल्का गर्म पानी डालते हुए हल्का सख्त आटा गूंथ लीजिए। आटे के गुंथ जाने पर इसे ढ़क कर 20 मिनट के लिए सैट होने रख दीजिए। इतना आटा गूंथने में हमने एक कप पानी लिया था जिसमें से एक चम्मच पानी बच गया है।
अब एक तवे को गैस पर गर्म होने रख दीजिए। 20 मिनट बाद आटे को निकाल कर उसे हल्का सा मसल लीजिए और आटे में से थोड़ा आटा तोड़ कर उसे मसलते हुए गोल लोई बना लीजिए। अब हाथ पर हल्का सा पानी लगा कर आटे की लोई को एक हाथ की हथेली पर रख कर दूसरे हाथ के उंगलियों और अँगूठे से लोई के किनारों से दबाते हुए बड़ा लीजिए। लोई के हल्का सा बड जाने पर उसे दोनो हथेलियों के बीच में रख कर दबाते हुए पतला बड़ा कर लीजिए।
लोई के अच्छा पतला हो जाने पर उसे तवे पर डाल कर हल्का सा सेक लीजिए। एक रोटी सिक रही है तब तक आप इसी तरीके से और रोटी बना कर तैयार कर लीजिए। रोटी के एक तरफ हल्का सिक जाने पर उसे पलट कर दूसरी ओर से ब्राउन होने तक सेक लीजिए। रोटी के दूसरी ओर से अच्छा ब्राउन होने पर तवे को हटा कर रोटी को डारेक्ट धीमी-मध्यम आंच पर दोनो ओर से अच्छी ब्राउन होने तक सेक लीजिए। रोटी के सिक जाने पर उस पर घी लगा दीजिए।
पनपथी रोटी बन कर सर्व करने के लिए तैयार है। आप इसी तरीके से सारी रोटी बना कर तैयार कर लीजिए। आप इसे अपने स्वादानुसार किसी भी सब्जी के साथ खा सकते हैं। गर्मी के मौसम में गर्मागर्म पनपथी रोटी खाने पर बहुत ही स्वादिष्ट लगती है।
सुझाव
आप चाहें तो पनपथी रोटी सिर्फ गेंहू के आटे से भी बना सकती हैं।
पनपथी रोटी - जो बचपन में दादी के हाथ की जरूर खाई होगी । Traditional Panpathi Roti Recipe
कमेंट (0)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।