सेव और बडे की पारंपरिक खास सब्जी मूछीबारा । Muchi Bara Recipe - Indian Traditional Curry Recipe

📅 10 अक्टूबर 2019 👁 35.5 हज़ार बार देखी गई 💬 0 कमेंट

बेसन के सेव और उरद की दाल से बने पारंपारिक मूछीबारा सब्जी। खाने में बहुत ही स्वादिष्ट और बनाने में बहुत ही आसान। मूछी यानि बेसन के सेव और बारा मतलब उरद की दाल के वडे। क्रिस्पी बेसन के सेव के साथ नरम-नरम दाल के वडे का स्वाद बहुत ही अच्छा लगता है जब घर में कोई सब्जी ना हो या आपके पास समय कम हो तब बनाए ये बहुत ही आसान और कम समय में बन कर तैयार हो जाने वाली सब्जी मूछीबारा। 

आवश्यक सामग्री 

  • बेसन- 3/4 कप 75 ग्राम तेज
  • उरद दाल- 1/4 कप 50 ग्राम 
  • जीरा- 1 छोटी चम्मच 
  • कसुरी मेथी- 1/4 छोटी चम्मच 
  • हरा धनिया- 2-3  बड़ी चम्मच 
  • हरी मिर्च- 2-3 
  • अदरक- 1 इंच 
  • हींग- 1/2 चुटकी 
  • धनिया पाउडर- 1 छोटी चम्मच 
  • हल्दी पाउडर- 1/2 छोटी चम्मच 
  • लाल मिर्च पाउडर- 1 छोटी चम्मच 
  • अमचूर पाउडर- 1/2 छोटी चम्मच 
  • नमक- 1.25 छोटी चम्मच 
  • तेल- 3 बड़ी चम्मच 
  • तेल तलने के लिए  

विधि 

मूछीबारा बनाने के लिए 1/2 कप बेसन ले लीजिए इसमें ¼ छोटी चम्मच नमक और 1 छोटी चम्मच तेल डाल कर मिला दीजिए। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सेव के लिए नरम डो तैयार कर लीजिए। डो तैयार हो जाने पर उसे 15-20 मिनट के लिए सैट होने के लिए एेसे ही छोड़ दीजिए।

अब 1/4 कप उरद की दाल दो घंटे भिगो कर ले लीजिए। अब एक मिक्सर जार ले कर उसे भीगी हुई दाल और 2-3 चम्मच पानी डाल कर दाल को पीस कर पेस्ट बना लीजिए। दाल के पेस्ट को एक बर्तन में निकाल कर उसमें 1/4 छोटा चम्मच नमक, 1/2 छोटा चम्मच अदरक और 1 हरी मिर्च डाल कर सभी चीजों को मिलाते हुए दाल को फेंट लीजिए। अब एक कढ़ाई में तेल डाल कर गर्म कर लीजिए। 

20 मिनट बाद हाथ पर हल्का सा तेल ले कर बेसन के डो को थोड़ा सा मसल मसल का नरम कर लीजिए। तेल के गर्म हो जाने पर थोड़ा सा बेसन का डो तेल में डाल कर तेल का तापमान चैक कर लीजिए। डो डालने पर तेल में बबल आने लगे और डो अच्छे से सिकने लगे तो सेव तलने के लिए तेल तैयार है। हमें सेव तलने के लिए अच्छा गर्म तेल और तेज-मिडियम आंच की जरूरत है। 

/images/Muchibara.jpg

अब एक कलछी ले कर उसमें बेसन का आधा डो ले लीजिए और हाथ से डो को दबाते हुए कढ़ाई में सेव बनाईए। सेव के हल्के से सिक जाने पर सेव को अलग करते हुए पलट दीजिए और दूसरी ओर से भी सिकने दीजिए। सेव के गोल्डन ब्राउन हो जाने पर उसे कढ़ाई से निकाल लीजिए और इसी तरीके से बाकि डो के भी सेव बना लीजिए। 

अब दाल का मिश्रण ले  कर वडे तैयार कर लीजिए और वडे बनाने के लिए  हाथ पर थोड़ा-थोड़ा मिश्रण ले कर कढ़ाई में डाल  दीजिए। वडे को चारो ओर से हल्के गोल्डन ब्राउन होने तक तल लीजिए। वडे हल्के गोल्डन हो जाने पर एक बर्तन में निकाल लीजिए और इसी तरीके से सारे मिश्रण के वड़े बना कर तैयार कर लीजिए। 

अब एक बर्तन में ¼ कप बेसन ले कर उसमें थोड़ा सा पानी डाल कर चिकना घोल बना लीजिए। अब इस बेसन में घोल में 4 कप पानी डाल कर मिला लीजिए। अब एक पैन में 2 बड़ी चम्मच तेल डाल कर गर्म कर लीजिए। तेल के गर्म हो जाने पर इसमें ½ छोटी चम्मच जीरा, ¼ छोटी चम्मच मैथी, ½ चुटकी हींग, 2 हरी मिर्च और ½ इंच अदरक डाल कर धीमी आंच पर चलाते हुए हल्का सा भून लीजिए। मसाला भुन जाने पर इसमें 1/2 छोटी चम्मच हल्दी पाउडर और बेसन का घोल डाल दीजिए। अब आंच को तेज कर के इसमें 1 छोटी चम्मच धनिया पाउडर, 1/2 छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर और1 छोटी चम्मच नमक डाल कर चलाते हुए उबाल आने तक पका लीजिए। 

ग्रेवी में उबाल आ जाने पर इसमें 1/2 छोटी चम्मच अमचूर का पाउडर डाल कर मिला लीजिए। अब इसमें सेव और वडे डाल कर 10 मिनट तक पकने दीजिए।10 मिनट बाद आंच को बंद करके इसमें थोड़ा सा हरी धनिया डाल कर मिला लीजिए और एक बर्तन में निकाल लीजिएं।

तड़का 

मूछीबारा को ओर स्वादिष्ट बनाने के लिए इसमें तड़का लगाए। तड़का लगाने के लिए एक तडका पैन ले कर उसमें 1 छोटी चम्मच तेल डाल कर गर्म कर लीजिएं। तेल के गर्म हो जाने पर इसमें 1/4 छोटी चम्मच जीरा डाल कर भून लीजिए। जीरा भुन जाने पर आंच को बंद कर के इसमें 1/2 छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर डाल कर मिला लीजिए। अब इस तडके को सब्जी के ऊपर डाल दीजिए। मूछीबारा बन कर तैयार है। 

सुझाव 

आप सेव बनाने के लिए कलछी की जगह सेव बनाने वाली मशीन या फिर मार्केट से बने हुए सेव भी ले सकते हैं।  

सेव और बडे की पारंपरिक खास सब्जी मूछीबारा । Muchi Bara Recipe - Indian Traditional Curry Recipe

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (0)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।