आलू गोभी के मसालेदार परांठे । Aloo Gobi Masala paratha recipe

गोभी आलू के मसालेदार परांठे आपके नाश्ते को दे सकते हैं एक नया टेस्ट. आप भी इन्हें बनाएं और इसके लाज़वाब स्वाद में खो जाएं.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Aloo Gobi Masala paratha
गेहूं का आटा - 2 कप (300 ग्राम)
फूल गोभी - 1 कप (कद्दूकस की हुई)
आलू - 1 कप (मैश किए हुए)
तेल - 3-4 टेबल स्पून
हरा धनिया - 2 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हुई)
अदरक पेस्ट - ⅓ छोटी चम्मच
लाल मिर्च पाउडर - ¼ छोटी चम्मच
गरम मसाला - ¼ छोटी चम्मच
अमचूर - ¼ छोटी चम्मच
अजवायन - ¼ छोटी चम्मच
धनिया पाउडर - 1 छोटी चम्मच
नमक - 1 छोटी चम्मच से थोड़ा सा ज्यादा या स्वादानुसार
विधि - How to make Aloo Gobi Masala paratha
एक प्याले में गेहूं का आटा लीजिए. इसमें 1 छोटी चम्मच तेल और 1/2 छोटी चम्मच नमक डालकर अच्छे से मिक्स कर लीजिए. फिर, थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए परांठे के लिए आटा गूंथकर तैयार कर लीजिए. इतनी मात्रा का आटा गूंथने में 1 कप पानी का उपयोग हुआ है. आटे को ढककर 20 मिनिट तक सैट होने के लिए रख दीजिए.
स्टफिंग तैयार कीजिए
पैन में 2 छोटी चम्मच तेल डालकर गैस पर गरम होने के लिए रखें. तेल गरम होने पर इसमें अजवायन, बारीक कटी हरी मिर्च, अदरक का पेस्ट और धनिया पाउडर डाल कर मसाले को हल्का सा भून लीजिए. मसाले में कद्दूकस की हुई फूलगोभी, 1/2 छोटी चम्मच नमक, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और अमचूर पाउडर डाल कर सभी चीजों को तेज आंच पर लगातार चलाते हुए 2 मिनिट भून लीजिए.

2 मिनिट भून लेने के बाद इसमें मैश किए हुए आलू और बारीक कटा हरा धनिया डाल कर मिक्स कीजिए. सभी चीजों को 2-3 मिनिट लगातार चलाते हुए भून लीजिए. स्टफिंग अच्छे से भून कर तैयार है इसे प्लेट में निकाल लीजिए और स्टफिंग को थोड़ा ठंडा होने दीजिए.
परांठा बनाएं
20 मिनिट में आटा सैट होने के बाद, हाथ पर थोड़ा सा तेल लगाकर आटे को मसल कर चिकना कर लीजिए. आटे से थोड़ा सा आटा तोड़िए और इसे मसलकर गोल लोई तैयार कर लीजिए. इसे चपटाकर लीजिए और सूखे आटे में लपेटकर चकले पर रख लीजिए. लोई को 3 से 4 इंच व्यास का बेल लीजिए. इस पर थोड़ा सा तेल डाल कर चारों ओर फैला दीजिए. इसके ऊपर स्टफिंग रख दीजिए और आटे को चारों तरफ से उठाकर स्टफिंग को बंद कर दीजिए. भरी हुई लोई को हल्का सा दबा दीजिए ताकि स्टफिंग परांठे के अंदर एकसार फैल जाए.
भरवां लोई को उठाकर सूखे आटे में लपेटिए और अतिरिक्त आटा झाड़ दीजिए. इसे चकले पर रखकर हल्का सा दबाव देते हुए किनारे से बेलते हुए थोड़ा मोटा परांठा तैयार कर लीजिए. अगर परांठा बेलते समय चकले पर चिपकने लगे, तो इस पर थोड़ा सा सूखा आटा लगाकर बेलिए.

परांठा सेकने के लिए तवे को गैस पर गरम होने रख दीजिए. तवे पर थोड़ा सा तेल डालकर चारों ओर फैला लीजिए. गरम तवे पर बेला हुआ परांठा डाल दीजिए और नीचे की ओर से हल्की चित्ती आने तक सेक लीजिए. परांठे के नीचे से सिक जाने पर इसे पलट दीजिए और दूसरी साइड से भी चित्ती आने तक सेक लीजिए. परांठे के ऊपर सतह पर थोड़ा सा तेल लगाकर चारों तरफ फैला दीजिए और परांठे को पलट दीजिए. परांठे के इस ओर भी तेल लगा दीजिए और परांठे को पलटे से हल्का सा दबाव देते हुए दोनों तरफ गोल्डन चित्ती आने तक मध्यम आंच पर सेक लीजिए.
सिके हुए परांठे को तवे से उतारकर प्लेट पर रख दीजिए. सारे परांठे इसी तरह से बेलकर व सेककर तैयार कर लीजिए. इतने आटे से 5-6 परांठे बन कर तैयार हो जाते हैं.
गोभी आलू के बहुत ही करारे और ज़ायकेदार परांठों को चटनी, दही या अपनी पसंद की किसी भी सब्जी के साथ परोसिए और मज़े से खाइए.
सुझाव
- आटे में तेल नहीं डालना चाहें तो नहीं डाले. पर आटे में तेल डालने से परांठे सॉफ्ट बनकर तैयार होते हैं.
- अदरक के पेस्ट के बदले 1/2 इंच टुकड़ा कद्दूकस करके भी ले सकते हैं.
- परांठे बनाने के लिए तेल के बदले घी का उपयोग भी कर सकते हैं.
- लाल मिर्च पाउडर को अपनी पसंद से कम या ज्यादा जैसा चाहें उपयोग कर सकते हैं.
- परांठे में स्टफिंग आप अपनी इच्छानुसार कम या ज्यादा भर सकते हैं. पर ध्यान रखें की स्टफिंग बहुत अधिक न हो क्योंकि ज्यादा सटफिंग होने से परांठे फट सकते हैं.
- आटा गूंथने में पानी आटे की मात्रा का आधा उपयोग होता है. कभी-कभी पानी कम ज्यादा भी हो सकता है जो कि आटे की वैरायटी के कारण होता है.
Aloo Gobi Masala paratha recipe | आलू गोभी के मसालेदार परांठे बनाने की विधि
कमेंट (0)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।