सोयाबीन आलू कोफ्ता | Soyabean kofta curry

सोयाबीन और आलू को मिक्स करके बनाए गए कोफ्ते मुंह में डालते ही घुल जाते हैं और एक अनोखे स्वाद का मजा़ देते हैं.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Soyabean kofta curry
सोया बडी़ - ½ कप (50 ग्राम) (क्रश की हुई)
आलू - 2 (100 ग्राम)
टमाटर - 4 (300 ग्राम)
अदरक - 1 इंच टुकड़ा
हरि मिर्च - 1
हरा धनिया - 3-4 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
बेसन - 3 टेबल स्पून
जीरा - ½ छोटी चम्मच
कसूरी मेथी - 1 छोटी चम्मच
हल्दी पाउडर - ¾ छोटी चम्मच
लाल मिर्च पाउडर - 1 छोटी चम्मच
साबुत गरम मसाले - तेज पत्ता - 1-2, दालचीनी - 1 इंच टुकड़ा, लौंग - 3, काली मिर्च - 6-7, बडी़ इलायची - 1
हरी मिर्च - 1
धनिया पाउडर - 1.5 छोटी चम्मच
गरम मसाला - ¼ छोटी चम्मच से थोड़ा कम
नमक - 1 छोटी चम्मच से थोड़ा ज्यादा
तेल - तलने के लिए
विधि - How to make Soyabean kofta curry
सोया चंक्स को दरदरा कूट कर किसी प्याले में निकल लीजिए. ½ कप गरम पानी को सोया चंक्स में डाल दीजिए और बर्तन को ढककर 10 मिनिट के लिए रख दीजिए चंक्स अच्छे से फूल कर तैयार हो जाएंगे.
उबले आलू को छील कर कद्दूकस कर लीजिए.
10 मिनिट बाद सोया चंक्स तैयार है इनमें कद्दूकस किया हुआ आलू डाल दीजिए. अब इसमें ½ छोटी चम्मच नमक, ½ छोटी चम्मच धनिया पाउडर, ¼ छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 बारीक कटी हरी मिर्च, ¼ छोटी चम्मच हल्दी पाउडर, 2-3 चम्मच बारीक कटा हरा धनिया और 2 टेबल स्पून बेसन डाल कर सभी चीजों को अच्छे से मिलाते हुए मिक्स कर लीजिए. कोफ्ते बनाने के लिये मिश्रण तैयार है.

कढ़ाई में तेल डाल कर गरम कीजिए. तैयार मिश्रण में से कोफ्ते बनाने के लिए थोडा़ सा मिश्रण निकाल कर, हथेली की मदद से गोल कीजिये, तैयार गोले को प्लेट में रख दीजिए इसी तरह से बाकी के मिश्रण से गोले बना कर तैयार कर लीजिए.
थोड़े से मिश्रण से गोला बनाकर गरम तेल में डाल कर चैक कर लीजिए की कोफ्ता सिक रहा है या नहीं और तेल सही से गरम हुआ है या नहीं. अगर गोला अच्छे से सिक रहा है. तब गरम तेल में कोफ्ते के गोले तलने के लिए डाल दीजिए. कोफ्ते तलने के लिए मध्यम गरम तेल चाहिए और आग तेज होनी चाहिए. कोफ्तों को पलट-पलट कर अच्छे गोल्डन ब्राउन होने तक तलिये. कोफ्ते गोल्डन ब्राउन होने पर तले हुए कोफ्ते को निकाल कर प्लेट में रखिये. सारे कोफ्ते इसी तरह तल कर तैयार कर लीजिए.. सब्जी बनाने के लिये कोफ्ते तैयार है.
मसाला तैयार करें
टमाटर, अदरक, हरी मिर्च को मिक्सर जार में डाल कर पेस्ट तैयार कर लीजिए.
पैन में 2-3 टेबल स्पून तेल डालकर गरम कीजिए. तेल गरम होने पर 1/2 छोटी चम्मच जीरा, और साबुत गरम मसाले - तेज पत्ता, दालचीनी, लौंग, काली मिर्च और बडी़ इलायची को छील कर इसके दाने डाल दीजिए. अब इसमें हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर डाल कर मिक्स कीजिए. अब इसमें टमाटर-अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट डाल दीजिए और लाल मिर्च पाउडर डाल कर, मसाले को तब तक भूनिये जब तक कि मसाले के ऊपर तेल न तैरने लगे. कसूरी मेथी डालकर मसाले को थोड़ा भून लीजिए.
ग्रेवी को गाढा़ करने के लिए बेसन को किसी अलग से छोटे से तड़का पैन में घी डालकर बेसन को मध्यम आंच पर हल्का सा ब्राउन होने तक भून लीजिए.

मसाले में से तेल अलग होने पर इसमें भूना हुआ बेसन डाल कर मिक्स कर दीजिए. मसाले में 1.5 कप पानी, गरम मसाला पाउडर और थोड़ा सा हरा धनिया डाल कर मिक्स कीजिए. ग्रेवी में उबाल आने दीजिए. ग्रेवी में उबाल आने पर इसमें क्रीम डाल कर मिक्स कीजिए और लगातार चलाते हुए फिर से उबाल आने दीजिए. ग्रेवी में उबाल आने पर इसमें 3/4 छोटी चम्मच नमक डाल कर मिक्स कीजिए.
ग्रेवी को ढक कर 3-4 मिनिट धीमी आंच पर पकने दीजिए. 4 मिनिट बाद ग्रेवी बनकर तैयार है गैस बंद कर दीजिए.
कोफ्तों को सर्व करने के लिए प्लेट में कोफ्ता निकाल लीजिए और इन कोफ्तों के ऊपर ग्रेवी डाल कर इन्हें सर्व कीजिए. सब्जी को हरे धनिये से गार्निश कीजिए. सोया कोफ्ता करी को आप परांठे, चपाती, नान या चावल किसी के भी साथ परोसिये और खाइये.
सुझाव
- कसूरी मेथी नहीं डालना चाहें तो नहीं डालें.
- साबुत मसाले नही हो तो नहीं डालें
- ग्रेवी को आप अपनी पसंद अनुसार काजू, खसखस, खरबूजे के बीज या जो चाहें डाल कर बना सकते हैं. ग्रेवी आप अपनी पसंद अनुसार जैसी चाहें बना कर तैयार कर सकते हैं.
- ग्रेवी बिना क्रीम के भी बना सकते हैं.
- बेसन को आप चाहें तो मसाले के साथ ही डाल कर भून सकते हैं.
Soyabean kofta curry | सोयाबीन आलू कोफ्ता करी, सर्दियों के लिये खास रेसीपी
कमेंट (2)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।