पत्तागोभी स्टफ्ड परांठा । Cabbage stuffed Paratha

📅 16 नवंबर 2018 👁 27.7 हज़ार बार देखी गई 💬 4 कमेंट ★ 1.2 (2)

पत्तागोभी और मसाले मिक्स करके झटपट बनने वाला पत्तागोभी स्टफ्ड परांठा आपको बहुत पसंद आएगा.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Cabbage stuffed Paratha

पत्तागोभी - 300 ग्राम

गेहूं का आटा - 2 कप (300 ग्राम)

तेल - 3-4 टेबल स्पून

हरा धनिया - 2-3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)

हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हुई)

अदरक पेस्ट  - ½ छोटी चम्मच

जीरा - ¼ छोटी चम्मच

धनिया पाउडर - ½ छोटी चम्मच

लाल मिर्च पाउडर - ¼ छोटी चम्मच

नमक - 1 छोटी चम्मच से थोड़ा सा कम या स्वादानुसार

विधि - How to make Cabbage stuffed Paratha

आटे को बड़े बर्तन में निकाल लीजिये. आटे में 1/2 छोटी चम्मच नमक, 2 छोटी चम्मच तेल डालकर मिला लीजिए और थोड़ा थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लीजिये. इतना आटा लगाने में 1 कप से थोडा़ कम पानी लगा है. इसमें 1 छोटी चम्मच पानी बच गया है. गुंथे हुये आटे को 15-20 मिनिट के लिये ढक कर रख दीजिये, आटा सैट हो जाएगा.

पत्तागोभी को साफ करने के लिए, पत्तागोभी के सारे पत्ते निकाल लीजिए. एक बड़े बर्तन में गुनगुना पानी लीजिए उसमें 1 चम्मच नमक डाल कर मिक्स कीजिए. अब इस पानी में पत्तागोभी के पत्तों को डाल कर 10 मिनिट डूबो कर रख दीजिए. इसके बाद पानी से निकाल कर इसे साफ पानी से धोकर छलनी में रख दीजिए जिससे की पत्तों का सारा पानी निकल और पत्तों का सारा पानी सूख जाने पर इन्हें पतला-पतला काट लीजिए.

स्टफिंग बनाएं

स्टफिंग बनाने के लिए पैन को गैस पर रखें इसमें 2 छोटे चम्मच तेल डाल कर गरम कीजिए. तेल गरम होने पर इसमें जीरा डाल कर भून लीजिए. जीरा भून जाने पर इसमें अदरक का पेस्ट, बारीक कटी हरी मिर्च, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर डाल कर हल्का सा मसाला भून लीजिए. मसाला भून जाने पर इसमें बारीक कटी पत्तागोभी और 1/2 छोटी चम्मच नमक डाल कर सभी चीजों को मिक्स करते हुए इसे 2 मिनिट पका लीजिए. इसमें हरा धनिया डाल कर मिक्स कीजिए. पत्ता गोभी को क्रंची होने तक भून लीजिए. इसे ज्यादा नहीं पकाना है. सभी चीजें अच्छे से मिल जाने पर स्टफिंग बन कर तैयार है. गैस बंद कर दीजिए और स्टफिंग को प्याले में निकाल लीजिए.

stuffed cabbage parantha recipe

परांठे बनाएं

20 मिनिट बाद आटा सैट होकर तैयार है, हाथ पर थोड़ा सा तेल लगाकर आटे को मसल लीजिए.  परांठे बनाने के लिए तवा गैस पर रखकर गरम कीजिए.

गुंथे हुए आटे से थोड़ा सा आटा निकालिए और गोल लोई बना लीजिए. लोई को सूखे आटे में लपेटकर 6-7 इंच के व्यास में गोल परांठा बेल लीजिए. बेले हुए परांठे पर थोडा़ सा तेल लगा कर फैला दीजिए. अब इस के ऊपर स्टफिंग रखिये. परांठे को चकोर बना रहे हैं इसके लिए इसे दोनों ओर से आधा करते हुए मोड़ दीजिए. इसके ऊपर फिर से थोड़ा सा तेल लगा लीजिए और इसे फिर से आधा करते हुए मोड़ दीजिए, चकोर तैयार है. इसे सूखे आटे में लपेट लीजिए और स्टफिंग भरे हुये गोले को हथेली और उँगलियों की सहायता से बड़ा लीजिये जिससे स्टफिंग परांठे में चारों ओर फैल जाए.

अब हल्के हाथ से दबाव देते हुए चकोर परांठा बेल लीजिए.  तवा गरम होने पर तवे के ऊपर थोड़ा सा तेल डालकर इसे चिकना कर लीजिए. परांठे को सिकने के लिए तवे पर डालिए और निचली सतह से थोड़ा सिकने पर परांठे को पलट दीजिए. परांठे की दूसरी सतह थोड़ा सा सिकने पर पहली सतह पर थोड़ा सा तेल डालकर चारों ओर फैला दीजिए और परांठे को पलट दीजिए. दूसरी सतह पर भी तेल डालकर चारों ओर फैला दीजिए और कलछी से दबाते हुए सेकिए. परांठे को दोनो ओर हल्की ब्राउन चित्ती आने तक सेक लीजिए. सिके परांठे को तवे से उतारकर किसी प्लेट पर रखी प्याली पर रख लीजिए. बाकी परांठे भी इसी तरह सेककर तैयार कर लीजिए.

सारे परांठे इसी तरह बनाकर तैयार कर लीजिये. इतने आटे में लगभग 6-7 परांठे बनकर के तैयार हो जाते हैं. पत्ता गोभी के स्वादिष्ट खस्ता परांठों को आप दही, चटनी, अचार या अपनी किसी भी मनपसंद सब्जी के साथ परोसिये और खाइये.

सुझाव

  • पत्ता गोभी अगर ज्यादा भून जाएगी तो इस से जूस बाहर आ जाएगा और स्टफिंग पतली हो जाएगी.
  • परांठे में स्टफिंग बहुत ज्यादा नहीं डालें इससे परांठा फट सकता है.
  • परांठे बनाने के लिए तेल के बदले घी का उपयोग भी किया जा सकता है.

Cabbage stuffed Paratha | पत्ता गोभी को इस तरह साफ करके परांठा बनाईये

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
1.2 / 5 (2 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (4)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

aditya
we love ur recipes nisha mam
NishaMadhulika
बहुत बहुत धन्यवाद aditya
Faisal
Wow nice
NishaMadhulika
बहुत बहुत धन्यवाद Faisal