हरी मटर आलू का पराठा | Aloo Matar Paratha | Aloo Matar Stuffed Paratha Recipe

📅 5 मार्च 2018 👁 83.1 हज़ार बार देखी गई 💬 4 कमेंट ★ 2.8 (12)

गरमागरम चाय या कॉफी के साथ हरी मटर आलू के पराठे के स्वाद का मज़ा ब्रेकफास्ट में लीजिये या इसे लंच में पैक करके ले जाइए. 

Read- Aloo Matar Paratha | Aloo Matar Stuffed Paratha Recipe

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Aloo Matar Stuffed Paratha Recipe

  • गेहूं का आटा- 2 कप (300 ग्राम)
  • मटर के दाने- 1 कप
  • हरी मिर्च- 2
  • उबले आलू- 3 (350 ग्राम)
  • तेल- 2 से 3 टेबल स्पून
  • हरा धनिया- 2 से 3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
  • हरी मिर्च- 2 (बारीक कटी हुई)
  • अदरक का पेस्ट- ½ छोटी चम्मच
  • जीरा- ½ छोटी चम्मच
  • हल्दी पाउडर- ¼ छोटी चम्मच
  • धनिया पाउडर- 1 छोटी चम्मच
  • गरम मसाला- ¼ छोटी चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर- ¼ छोटी चम्मच
  • अमचूर- ½ छोटी चम्मच
  • नमक- 1 ¼ छोटी चम्मच या स्वादानुसार

विधि - How to make Aloo Matar Paratha

पराठे बनाने के लिए कुछ तैयारियां कर लीजिए जैसे कि हरी मिर्च और मटर का पेस्ट बनाकर रख लीजिए. उबले आलू को छील लीजिए. 

किसी बड़े प्याले में आटा लीजिए. इसमें ½ छोटी चम्मच से ज्यादा नमक और 1 छोटी चम्मच तेल डालकर मिक्स कर लीजिए. थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए सादे पराठे की तरह ही नरम आटा गूंथ लीजिए. आटे को सैट होने के लिए 20 मिनिट तक ढककर रख दीजिए. इतना आटा लगाने में पूरा 1 कप पानी लग जाता है.

स्टफिंग बनाएं
पैन गरम करके इसमें 2 छोटी चम्मच तेल डाल दीजिए. तेल के अच्छे से गरम हो जाने पर इसमें जीरा डालकर हल्का सा चटखा लीजिए. फिर, इसमें बारीक कटी हुई हरी मिर्च और अदरक का पेस्ट डालकर मिला दीजिए. आंच धीमी रखिए ताकि मसाले जल ना पाएं. मसाले में हल्दी पाउडर और धनिया पाउडर डालकर थोड़ा सा भून लीजिए. मसाले में हरी मिर्च- मटर का पेस्ट डाल दीजिए. इसे भी हल्का सा भून लीजिए ताकि मटर के पेस्ट में जो पानी है, वह सूख जाए. फिर, इसमें छीलकर रखे हुए आलू तोड़कर डाल दीजिए और आलू को मैश करते हुए मसाले में मिला लीजिए. नमक, गरम मसाला, लाल मिर्च पाउडर और अमचूर भी डाल दीजिए. सारी चीजों में मसाले को मिलाते हुए अच्छे से भून लीजिए. स्टफिंग बनकर तैयार है. इसमें थोड़ा सा हरा धनिया डालकर मिक्स कर लीजिए और स्टफिंग को प्याले में निकाल लीजिए. 

आटा सैट होने पर हाथ को तेल से चिकना कर लीजिए और आटे को 1 से 2 मिनिट मसल लीजिए. फिर, इसमें से थोड़ा सा आटा तोड़कर गोल लोई बना लीजिए. गोल लोई को सूखे आटे में लपेटिए और 3 से 4 इंच के व्यास में बेल लीजिए. इसके ऊपर थोड़ा सा तेल लगा लीजिए और इसमें स्टफिंग भर लीजिए. लोई को चारों ओर से उठाकर स्टफिंग को अच्छे से बंद कर दीजिए. इसे अंगुलियों से अच्छे से दबा लीजिए ताकि इसके अंदर स्टफिंग एकसार हो जाए. भरी हुई लोई को सूखे आटे में लपेटिए और हल्का दबाव देते हुए थोड़ा मोटा पराठा बेलकर तैयार कर लीजिए. कोशिश करें कि पराठे को किनारे से ही बेलें. 

पराठा सेकने के लिए तवा गरम कीजिए. गरम तवे पर थोड़ा सा तेल डालकर चारों ओर फैला दीजिए. बेले गए परांठे को तवे पर डाल दीजिए और पराठे की निचली सतह सिकने दीजिए. इसी बीच, दूसरा पराठा इसी तरह बेल लीजिए. तवे पर सिक रहे पराठे को पलट दीजिए और जब पराठे के दूसरी ओर हल्की ब्राउन चित्ती आ जाए तब पहली सतह पर थोड़ा सा तेल डालकर चारों तरफ फैला दीजिए. परांठे को पलटकर दूसरी तरफ भी तेल डालकर फैलाइए. परांठे को किनारों से हल्का सा दबाव देते हुए दोनों ओर ब्राउन चित्ती आने तक मध्यम आंच पर सेक लीजिए. पराठे के सिककर तैयार होने पर इसे किसी प्लेट पर रखी प्याली पर रख लीजिए. सारे पराठे इसी तरह सेककर तैयार कर लीजिए. इतने आटे से 8 पराठे बनकर तैयार हो जाएंगे. 

मटर आलू के करारे और ज़ायकेदार पराठों को दही, चटनी, अचार या किसी भी ग्रेवी वाली सब्जी के साथ परोसिए और आलू मटर के भरवां पराठों के स्वाद का लुत्फ उठाइए. 

सुझाव

  • अगर आप तीखा पसंद करते हैं, तो लाल मिर्च पाउडर और बढ़ा सकते हैं. 
  • पराठे अपनी पसंद के अनुसार छोटे या बड़े साइज के बना सकते हैं.
  • पराठे में तेल लगाना ज़रूरी नही है लेकिन थोड़ा सा तेल लगा लें तो पराठे करारे और स्वादिष्ट बनते हैं.
  • पराठे में स्टफिंग अपनी पसंद के हिसाब से थोड़ी कम या ज्यादा भर सकते हैं लेकिन बहुत ज्यादा स्टफिंग ना डालें. स्टफिंग लोई के बराबर या उससे थोड़ी ज्यादा भर सकते हैं.
  • पराठे बेलते समय पराठे पर ज्यादा दबाव ना डालें और पराठे को पतला भी ना बेलें वरना स्टफिंग बाहर आ सकती है. 
  • एकदम गरम पराठा प्लेट में ना रखें, इससे पराठा नीचे से गिलगिला हो सकता है. 

Aloo Matar Paratha | हरी मटर आलू का परांठा । Aloo Matar Stuffed Paratha Recipe

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
2.8 / 5 (12 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (4)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

lali rai
amazing dish thank you nisha ji
keep it up
NishaMadhulika
lali rai जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
mohini
thanks you very much for delightful dishes mam
thanks again
NishaMadhulika
मोहिनी जी, बहुत बहुत धन्यवाद.