बची हुई दाल का मसालेदार परांठा । Leftover Dal Paratha | Dal Paratha recipe

📅 17 जनवरी 2018 👁 61.4 हज़ार बार देखी गई 💬 4 कमेंट ★ 2.7 (68)

दाल बच जाए, तो उसे दोबारा खाने का शायद ही किसी का मन होता होगा, लेकिन बची हुई दाल का मसालेदार परांठा बना लिया जाए, तो आपकी दाल भी उपयोग हो जाती है और अलग तरह का नाश्ता भी तैयार हो जाता है.

Read- Leftover Dal Paratha । Dal Paratha recipe

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Dal Paratha recipe

  • गेहूं का आटा- 2 कप (300 ग्राम)
  • बची हुई दाल- 1 प्याली
  • हरा धनिया- 2 से 3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
  • तेल- 3 से 4 टेबल स्पून
  • नमक- ½ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
  • जीरा- ½ छोटी चम्मच
  • हरी मिर्च- 2 (बारीक कटी हुई)

विधि - How to make Leftover Dal Paratha

आटा गूंथिए
प्याले में आटा लीजिए. इसके बीच में थोड़ी सी जगह बनाकर इसमें बची हुई दाल डाल दीजिए. इसमें जीरा, नमक, हरी मिर्च डाल दीजिए साथ ही 1 छोटी चम्मच तेल और हरा धनिया भी डाल दीजिए. दाल को आटे में मिलाते हुए सादे पराठे जैसा नरम आटा गूंथिए. आटा सख्त और सूखा लग रहा हो, तो इसमें थोड़ा सा पानी डालकर गूंथ लीजिए. इसमें 2 टेबल स्पून पानी का इस्तेमाल हुआ है. आटे को ढककर 15 से 20 मिनिट के लिए रख दीजिए.

पराठे बेलिए
20 मिनिट में आटे के सैट होने पर हाथ को थोड़े से तेल से चिकना करके आटे को मसलकर चिकना कर लीजिए. आटे में छोटी सी लोई तोड़ लीजिए और इसे हाथ से गोल और फिर चपटा करके सूखे आटे में लपेटिए और इसे 3 से 4 इंच व्यास में गोल बेल लीजिए. इसके ऊपर थोड़ा सा तेल डाल लीजिए और चारों ओर एक जैसा फैला लीजिए. पराठे को आधा करते हुए दो बार मोड़ लीजिए. तिकोन लोई तैयार हो जाएगी. इसे सूखे आटे में लपेट लीजिए और तिकोने आकार में ही हल्का मोटा पराठा बेल लीजिए.

पराठे सेकिए
तवा गरम करके इस पर थोड़ा सा तेल डालकर इसे चिकना कर लीजिए. गरम तवे पर पराठा सिकने के लिए डालिए और पराठे को नीचे से हल्का सा सिकने दीजिए और उसके बाद पलट दीजिए. पराठे को दूसरी ओर हल्की ब्राउन चित्ती आने तक सेकिए. इसके बाद, पराठे के दोनों ओर तेल लगा लीजिए और पराठे को मध्यम आंच पर पलट पलट कर दोनों और ब्राउन चित्ती आने तक सेक लीजिए. सिके हुए पराठे को प्लेट पर रखी हुई प्याली पर रखिए या फिर खाने वाले की थाली में सीधे परोस दीजिए. इसी तरह से सारे पराठे बेलकर सेककर तैयार कर लीजिए.

चौकोर पराठा बनाने का तरीका
चौकोर पराठा बनाने के लिए लोई पहले वाले तरीके से ही बनाएं और सूखे आटे में लपेटकर इसे 5 से 6 इंच के व्यास में पतला बेल लीजिए. इसके ऊपर थोड़ा सा तेल डालकर चारों ओर एक जैसा फैलाएं. पराठे को तीन हिस्सों में बांटते हुए एक के ऊपर एक मोड़ लीजिए. फिर इसके ऊपर थोड़ा सा घी डालकर चारों तरफ फैला लीजिए और फिर से तीन हिस्से करते हुए मोड़ लीजिए. चौकोर लोई तैयार हो जाएगी. लोई को सूखे आटे में लपेटिए और चौकोर आकार में ही हल्का मोटा बेल लीजिए. पराठे को बिल्कुल तिकोन पराठे की तरह ही सेककर तैयार कर लीजिए.

इतने आटे से 9 पराठे बनकर तैयार है. बची हुई दाल से बने मसालेदार पराठों को चटनी, अचार, रायता, दही या अपनी पसंद के किसी भी सब्जी के साथ गरमागरम परोसिए.

सुझाव

  • अगर आप इन पराठों को और ज्यादा मसालेदार बनाना चाहते हैं, तो इसमें लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, कतरी हुई प्याज या अपनी पसंद के अनुसार मसाले डाल सकते हैं.
  • अगर आटा ज्यादा नरम हो रहा हो, तो उसमें थोड़ा सा सूखा आटा मिला लें और अगर आटा सख्त लग रहा हो, तो आप इसमें थोड़ा सा पानी डालकर इसे गूंथ लें. 
  • पराठे को घी से भी बना सकते हैं.
  • इन पराठों को किसी भी बची हुई दाल से इसी तरह आटा गूंथकर बनाए जा सकते हैं.
  • पराठा बेलते समय चिपकने लगे, तो इसे सूखे आटे में लपेटकर बेलिए.
  • पराठे को सीधे प्लेट में ना रखे, इससे पराठा नीचे की ओर से गिलगिला हो जाता है.
  • आप पराठे नही खाना चाहते, तो इससे रोटी भी बना सकते हैं.

Leftover Dal Paratha | बची हुई दाल का मसालेदार परांठा । Dal Paratha recipe

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
2.7 / 5 (68 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (4)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

avneet bajpai
recipe to bahut badiya lag rahi hai mam. Meri mummy bhi aise hi masaledar parathe banakar diya karti thi. Ab main bhi ise try karoongi. Kya humiska attaa rat mein maandkar rakh sakte hai>
NishaMadhulika
अवनीत जी, आप आटे को रात में भी गूंथ कर रख सकते हैं.
Arindam Bose
Hello Ma'am, Nice utilisation of left over dal. I must try it. My family will love it as they like masala parathas.
NishaMadhulika
बहुत बहुत धन्यवाद Arindam Bose