शलगम का भर्ता । Shalgam Ka Bharta । Spicy Mashed Turnip Recipe

शलगम की सब्जी भले ही लोग खाने से कतराएं लेकिन शलगम का भर्ता सब बड़े शौक से खाते हैं. यह मसालेदार भर्ता आपके खाने में एक अनोखा स्वाद ले आएगा.
Shalgam Ka Bharta । Spicy Mashed Turnip Recipe
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Spicy Mashed Turnip Recipe
- शलगम- 4 (300 ग्राम)
- टमाटर - 2 (200 ग्राम)
- हरी मिर्च- 2
- मटर के दाने- ½ कप
- हरा धनिया - 2 से 3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
- तेल- 2 से 3 टेबल स्पून
- हींग- ½ पिंच
- जीरा- ½ छोटी चम्मच
- अदरक का पेस्ट- 1 छोटी चम्मच
- नींबू- ½
- हल्दी पाउडर- ¼ छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर- 1 छोटी चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर- ½ छोटी चम्मच
- गरम मसाला- ¼ छोटी चम्मच
- चीनी- 1 छोटी चम्मच
- नमक- 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
विधि - How to make Shalgam Ka Bharta
शलगम को धोकर सुखाकर छील लीजिए. शलगम का ऊपरी हिस्सा काटकर पानी भरे प्याले में डालकर धो लीजिए. शलगम को ½-½ इंच के टुकड़ों में काट लीजिए.
टमाटर और हरी मिर्च का पेस्ट बना लीजिए.
कुकर गरम करके इसमें 2 छोटी चम्मच तेल डाल दीजिए. तेल गरम होने पर इसमें आधा जीरा डाल दीजिए. गैस धीमी करके बाकी मसाले - हींग, ½ छोटी चम्मच अदरक का पेस्ट, आधा हल्दी पाउडर और आधा धनिया पाउडर डाल दीजिए. मसाले को हल्का सा भून लीजिए. इसके बाद, शलगम, आधी लाल मिर्च पाउडर और आधा नमक डाल दीजिए. शलगम को मसालों के साथ 1 मिनिट भून लीजिए. फिर, इसमें ¼ कप पानी डालकर मिला दीजिए. कुकर का ढक्कन बंद करके 1 सीटी आने तक शलगम को तेज आंच पर उबलने दीजिए. सीटी आने के बाद, शलगम को धीमी आंच पर 5 मिनिट उबलने दीजिए.
इसी दौरान, मसाला तैयार कर लीजिए. इसके लिए पैन में 1 टेबल स्पून तेल डालकर गरम होने दीजिए. तेल में बचा हुआ जीरा डाल दीजिए. आंच धीमी करके तेल में बचा हुआ- हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, अदरक का पेस्ट डालकर मसालों को हल्का सा भून लीजिए. मसाले में टमाटर और हरी मिर्च का पेस्ट डालकर आंच मध्यम कर लीजिए. पैन में बचा हुआ लाल मिर्च पाउडर डाल दीजिए. मसाले से तेल अलग होने तक इसे भून लीजिए. मसाले को थोड़ी-थोड़ी देर में चलाते रहिए.

मसाले में मटर के दाने डालकर मिक्स कर दीजिए. मटर को ढककर 3 मिनिट तक मीडियम आंच पर पकने दीजिए. 3 मिनिट बाद, मटर को दबाकर चैक कर लीजिए. मटर दब रहे हैं , तो मटर नरम हैं. इसमें चीनी और बचा हुआ नमक डालकर मिला दीजिए.
शलगम 5 मिनिट में उबल गए हैं. कुकर उतारकर जाली स्टेन्ड पर रख दीजिए और कुकर का प्रैशर खत्म होने के बाद ही इसे खोलकर शलगम चैक कीजिए. शलगम को मैश कर लीजिए. शलगम को मसालों के साथ उबाला गया है ताकि इसमें मसाले का स्वाद अच्छा आए.
शलगम को पैन में भुन रहे मसाले में डाल दीजिए. साथ ही गरम मसाला और हरा धनिया डालकर सारी चीजों को मिक्स कर लीजिए. भर्ते को ढककर 3 मिनिट मीडियम आंच पर पकने दीजिए. 3 मिनिट बाद, भर्ते में ½ छोटी चम्मच नींबू का रस निचोड़कर डाल दीजिए और अच्छे से मिला दीजिए. भर्ते को एक प्लेट में निकाल लीजिए.
शलगम के इस स्वादिष्ट भर्ते के ऊपर थोड़ा सा हरा धनिया डालकर गार्निश कर लीजिए. भर्ते को चपाती, पराठे, नान या चावल के साथ परोसिए.
3 से 4 सदस्यों के लिए पर्याप्त
सुझाव
- अगर आप प्याज लहसुन डालना चाहते हैं, तो 1 छोटी प्याज और 4 से 5 लहसुन की कलियां बारीक कतरकर जीरा के बाद डाल दीजिए और हल्का गुलाबी होने तक भून लीजिए. बाकी का भर्ता उपरोक्त विधि के अनुसार बना लीजिए.
- आप बिना मटर और चीनी के भी भर्ता बना सकते है.
- यदि आप ज्यादा खट्टी सब्जी पसंद करते हैं, तो नींबू का रस बढ़ा भी सकते हैं.
Shalgam Ka Bharta । शलगम का भर्ता । Spicy Mashed Turnip Recipe
कमेंट (7)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
Nishaji agar kabhi sabji mein mirch jyada dal jaye to kya karein. Pl jarur batayein.
निशा: ऋतु जी, बहुत बहुत धन्यवाद. आप में री वेबसाइट पर कम तेल और बिना तेल के बने बहुत से स्नैक्स की रेसिपी देख सकती हैं
निशा: अरुना जी, मैं इसे बनाने की कोशिश करूंगी.
निशा: आबिदा जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: रिशिका जी, मुझे बहुत अच्छा लग रहा है, बहुत बहुत धन्यवाद.