बैंगन भर्ता - बैंगन को साबुत भूने बिना बनाईये। Baingan Bharta Recipe

बैंगन का भर्ता साबुत बैंगन को भूनकर बनाया जाता है जिसका स्वाद सबकी जुबां पर चढ़ जाता है, लेकिन बैंगन को काटकर अच्छे से जांचकर बैंगन भर्ता - बैंगन को साबुत भूने बिना बनाईये, इसका स्वाद भी आपको खूब भाएगा और इसमें कीड़े होने का डर भी नही सताएगा.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Baingan Bharta Recipe
- बैंगन - 1 (400 ग्राम)
- टमाटर - 4 (150 ग्राम)
- शिमला मिर्च - 1
- जीरा - ½ छोटी चम्मच
- हींग - ½ पिंच
- हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हुई)
- अदरक - ½ इंच टुकड़ा (बारीक कटा हुआ)
- सरसों का तेल - 2 टेबल स्पून
- हरा धनिया - 2-3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
- गरम मसाला - ¼ छोटी चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर - ¼ छोटी चम्मच
- हल्दी पाउडर - ¼ छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर - 1 छोटी चम्मच
- नमक - 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
विधि - How to make Unroasted Baingan Bharta
बैंगन का भर्ता बनाने के लिए सबसे पहले बैंगन को छीलकर छोटे- छोटे टुकड़ों में काट लीजिए. बैंगन के टुकड़ों को पानी में डालकर रख दीजिए ताकि बैंगन काला न पड़े.
टमाटर और शिमला मिर्च को बारीक काटकर रख लीजिए.
पैन को गैस पर रखकर गरम कीजिए. पैन गरम होने पर इसमें तेल डालकर गरम कीजिए. तेल के गरम होने पर जीरा डाल दीजिए. जीरा भुन जाने पर, हींग, हल्दी पाउडर, बारीक कटी हरी मिर्च, बारीक कटा अदरक डाल दीजिए और मसाले को हल्का सा भून लीजिए.
मसाला भुन जाने पर इसमें बारीक कटे टमाटर, लाल मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर डाल दीजिए. टमाटर को अच्छे से गल जाने और मसाले से तेल अलग हो जाने तक मध्यम आंच पर पका लीजिए. इसे बीच-बीच में चलाते रहिए.
टमाटर अच्छे से मैश हो जाने पर मसाला भुनकर तैयार है. इसमें बारीक कटी शिमला मिर्च डालकर अच्छे से मिक्स कर दीजिए. इसमें बैंगन के टुकड़े डालकर नमक डाल दीजिए. सारी चीजों को अच्छे से मिक्स करते हुए हल्का सा भून लीजिए.

बैंगन में मसाले अच्छे से मिल जाने पर इसे ढककर 4-5 मिनिट पकाएं. बर्तन को ढकने के लिए ऎसी थाली लीजिए जिस पर पानी डाला जा सके. थाली पर थोड़ा सा पानी डाल दीजिए. ऎसा करने से बैंगन अपनी ही भाप में अच्छे से पक जाएगा और इसमें अलग से पानी डालने की आवश्यकता नहीं पड़ती है.
5 मिनिट बाद सब्जी को चैक कर लीजिए. सब्जी को अच्छे से चला दीजिए ताकि जो मसाले पैन के नीचे बैठ गए हैं वो सब्जी में अच्छे से मिक्स हो जाएं.
सब्जी को फिर से ढककर 5 मिनिट पकने दीजिए. सब्जी को चैक कीजिए. भर्ता अच्छे से पक चुका है. भरते को मैश कर लीजिए और इसमें गरम मसाला और बारीक कटा हरा धनिया डालकर मिक्स कर दीजिए.
भर्ता बनकर तैयार है, गैस बंद कर दीजिए और भरते को प्याले में निकल लीजिए. भरते को थोड़ा सा हरा धनिया डालकर गार्निश कीजिए. भर्ते को आप चपाती, परांठे, नान या चावल किसी के भी साथ परोसिये और खाइये.
3 से 4 सदस्यों के लिए पर्याप्त
सुझाव
- बैंगन भर्ता बनाने के लिए भर्ता वाला बैंगन लीजिए. बैंगन को चैक कर लीजिए कि यह एकदम चिकना और चमकदार हो. आप इसे दबाकर देखें तो यह दबना भी चाहिए
- अगर आप भर्ता में हल्दी पाउडर, शिमला मिर्च और हींग नापसंद करते हो, तो इनके बिना भी भर्ता बना सकते हैं. आप चाहे तो भर्ते में प्याज लहसुन भी डाल सकते हैं.
- बैंगन को काटकर पानी में डुबोकर रखें वरना ये काले पड़ जाते हैं.
- भर्ता बनाने के लिए आप कोई भी कुकिंग अॉयल यूज कर सकते हैं.
Baingan Bharta Recipe | बैंगन भर्ता - बैंगन को साबुत भूने बिना बनाईये
कमेंट (6)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
Pawan
निशा: पवन जी, ये कढ़ाई तो आप कहीं से भी बर्तन वाले दुकान या ओन लाइन खरीद सकते हैं.
निशा: रूची जी, सुझाव के लिए धन्यवाद मैं जल्द ही इसे बनाने की कोशिश करूंगी.
निशा: अनीता जी, आप अपनी पसंद अनुसार बदलाव कर सकती हैं.
निशा: रिया जी, बहुत बहुत धन्यवाद.