अरारोट | Ararot | Arrowroot

अरारोट (Ararot) एक प्रकार का स्टार्च या मांड है जो एरोरूट प्लांट की जड़ों से प्राप्त होता है. अरारोट दिखने में सफेद रंग का पाउडर होता है. अरारोट ग्लूटेन फ्री (gluten free) होता है. ऐसे में यह उन लोगों के लिए बहुत फ़ायदेमंद रहता है जिन्हें ग्लूटेन से एलर्जी होती है.
अरारोट को अन्य भाषाओं में निम्न नामों से जाना जाता है हिन्दी में अरारोट (ararot), अरारूट (araroot), बिलायती तीखुर (bilayati tikhur), मराठी में आरारूट (aararoot), बंगला में ओरारूट (auraroot), तवक्षीर (tavksheer), गुजराती में तवखार (tavkhaar), अरारोट (ararot) और अंग्रेज़ी में ऍरोरूट (Arrowroot) कहते हैं.
अरारोट का व्रत में उपयोग
अरारोट को व्रत में खाने के लिए उपयोग में लाया जाता है. अरारोट को व्रत में बनने वाले कई प्रकार के पकवान बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है. कई बार लोग इसे कार्नस्ट्राच या कार्नफ्लोर जैसा समझ बैठते हैं और इसका उपयोग व्रत में नही करते हैं. लेकिन ये कार्नफ्लोर से अलग होता है. इसलिए इसका यूज व्रत में किया जाता है.
व्रत के लिए बनाई जाने वाली मिठाई, खीर, टिक्की , लड्डू इत्यादि में इसका उपयोग करते हैं. इसे व्रत के लिए बनाए जाने वाले फलाहार में उपयोग किया जाता है.
अरारोट (Ararot) कैसे प्राप्त होता है
पौधे की जड़ को निकालकर उसे अच्छे से साफ करके उसका छिलका निकाल दिया जाता है. फिर इसे अच्छे से पीसकर लुगदी बना ली जाती है. इस लुगदी को अच्छी तरह धोया जाता है, जिससे जड़ का रेशेदार भाग अलग हो जाता है. यह फेंक दिया जाता है और बचे हुए दूधिया भाग को छान लेते हैं जिससे अरारूट स्टार्च (Ararot starch) प्राप्त होता है.
अरारोट (Ararot) का रख रखाव
- अरारोट को एयर टाइट कंटेनर में भरकर रखें.
- अरारोट में किसी भी प्रकार की नमी न जाने दें.
- नमी के संपर्क में आने पर यह खराब हो जाता है.
- जब भी इसे उपयोग में लाएं तो साफ सफाई का ध्यान रखें.
- जिस भी कंटेनर में इसे रखा गया हो उसे साफ सूखे हाथों से ही खोलें और इसे निकालने के लिए साफ सूखे चम्मच का ही उपयोग करें.
अरारोट खरीदते समय सावधानियां
अरारूट को बाजार से खरीदते समय कुछ बातों का ध्यान रखें. क्योंकि अरारोट में भी बहुत सी चीजों की मिलावट की जाती है. अरारोट के नाम पर आलू, चावल, साबूदाना या ऐसी ही अन्य वस्तुओं को महीन पीसकर नकली अरारोट भी बेचा जाता है इसलिए जब भी अरारोट खरीदें तो विश्वसनिय ब्रांड की ही लें और जहां से खरीद रहे हों वह गुणवत्ता युक्त हो. इसे बारीकी से जांचकर ही लें.
अरारोट कहां से मिलेगा
अरारोट किसी भी स्थानीय, किराना स्टोर या किसी बड़े ग्रोसरी स्टोर से भी प्राप्त कर सकते हैं. आप इसे अॉनलाइन (online) भी ख़रीद सकते हैं.
अरारोट का रेसिपी में उपयोग
अरारोट को रेसिपी में मुख्य रूप से बाइंडिंग या गाढा़ करने के लिए उपयोग किया जाता है. जैसे कि अगर हम कोफ्ते बना रहे हों तो उनमें अरारोट मिला देने से वो टूटते नहीं हैं, अच्छे से बंध कर तैयार होते हैं और आसानी से तले जा सकते हैं. साथ ही इसे मिठाई बनाने के लिए भी उपयोग किया जाता है. इसे गुलाब जामुन, छैना बनाने में उपयोग करते हैं.
अरारोट को ग्रेवी, सॉस इत्यादि को गाढ़ा करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है. इसे मन्चूरियन की ग्रेवी में बहुतायत में यूज करते हैं.
अरारोट का विकल्प
अगर अरारोट न मिले तो इसकी जगह कॉर्न स्टार्च (corn starch) का उपयोग भी किया जा सकता है. यह उसके लिए एक अच्छा विकल्प होता है. साथ ही मैदा (refined flour) को भी कई चीजों में अरारोट के बदले उपयोग में लाया जा सकता है.
हमारी रेसिपीज़ में अरारोट का उपयोग
कमेंट (3)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: अमित जी, rarotonga powder क्या है मुझे इसकी जानकारी नही है. पर आप टिक्की में अरारोट के बदले कॉर्न फ्लोर का
उपयोग भी कर सकते हैं.