व्हाइट ग्रेवी | Basic Gravies Part-2 | White Gravy

दही, काजू के पेस्ट और मसालों से तैयार व्हाइट ग्रेवी, खास कोफ्ते की सब्जी के लिए.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for White Gravy
- तेल - 1 - 2 टेबल स्पून
- साबुत गरम मसाले- दालचीनी - ½ या ⅓ इंच टुकडा़, लौंग - 2
- इलाइची - 2
- अदरक पेस्ट - ½ छोटी चम्मच
- हरी मिर्च - 2
- नमक - ½ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
- काजू - ½ कप (पेस्ट)
- फैंटा हुआ दही - ½ कप
- काली मिर्च पाउडर - ¼ छोटी चम्मच
- नमक - ⅓ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
विधि - How to make White Gravy
पैन में 2 टेबल स्पून तेल डालकर गरम कीजिए. तेल गरम होने पर साबुत मसाले डाल दीजिए. साथ ही अदरक का पेस्ट, बारीक कटी हरी मिर्च डाल कर मसाले को हल्का सा भून लीजिए. मसाला भुन जाने पर इसमें काजू का पेस्ट डाल दीजिए और मध्यम आंच पर पेस्ट को लगातार चलाते हुए 3-4 मिनिट भून लीजिए.
काजू का पेस्ट भून जाने पर इसमें थोडा़ थोडा़ दही डालते हुए मिक्स कीजिए और मसाले में उबाल आने दीजिए. मसाले में उबाल आने पर इसमें 1/2 कप पानी डाल दीजिए.

ग्रेवी को लगातार चलाते हुए तब तक पकाएं जब तक कि इसमें फिर से उबाल न आ जाए. ग्रेवी में उबाल आने पर इसमें काली मिर्च पाउडर और नमक डालकर मिक्स कर दीजिए तथा ग्रेवी को 2 मिनिट धीमी आंच पर पकने दीजिए.
ग्रेवी बनाने के लिए 1 कप पानी का उपयोग हुआ है. ग्रेवी बनकर तैयार है, गैस बंद कर दीजिए. ग्रेवी को प्याले में निकाल लीजिए. थोडा़ सा हरा धनिया डालकर ग्रेवी की गार्निश कर दीजिए. व्हाइट ग्रेवी का उपयोग मुख्य रूप से मलाई कोफ्ता बनाने में किया जाता है.
सुझाव
- काजू के बदले खरबूजे के बीज का पेस्ट भी ले सकते हैं
- काली मिर्च की जगह सफेद मिर्च पाउडर भी लिया जा सकते है.
Basic Gravies - 2 । विभिन्न प्रकार की तरी - 2 । White Gravy, Besan ki Gravy and Makhni Gravy |
कमेंट (4)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: विनिता जी, आप हरा धनिया नहीं डालना चाहें तो उसे हटा सकते हैं.
निशा: रूचिका जी, आप इसमें ड्रायफ्रूट का उपयोग कर सकती हैं. धन्यवाद.