शलगम आलू की सब्जी (Aloo Shalgam Recipe – Potato Spicey Turnips)

शलगम यानी Spicey Turnips को सलाद के लिये तो प्रयोग किया ही जाता ही है. शलगम की सब्जी भी आलू के साथ बहुत अच्छी बनती है, तो आइये आज हम शलगम आलू की सब्जी बनायें.
Read - Aloo Shalgam Recipe – Potato Spicey Turnips Recipe In English
आवशयक सामग्री - Ingredients for Aloo Shalgam Recipe
- शलगम - 250 ग्राम
- आलू - 250 ग्राम
- तेल - 1 1/2 टेबल स्पून
- हींग - 1 पिंच
- जीरा - आधा छोटी चम्मच
- हरीमिर्च - 2-3 (बारीक कतर लीजिये)
- अदरक - 1 इंच लम्बा टुकड़ (बारीक कतर लीजिये या कद्दूकस कर लीजिये)
- हल्दी पाउडर - आधा छोटी चम्मच
- धनियां पाउडर - एक छोटी चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर - एक चौथाई छोटी चम्मच
- अमचूर पाउडर - एक चौथाई छोटी चम्मच
- नमक - स्वादानुसार
- हरा धनियां - एक टेबिल स्पून (बारीक कतरा हुआ)

विधि - How to make Aloo Shalgam Recipe
शलगम और आलू को छीलिये, धोइये और एक आलू और शलगम के 6 या 8 टुकड़े करते हुये काट लीजिये.
कढ़ाई में तेल डाल कर गरम कीजिये. गरम तेल में हींग और जीरा डाल दीजिये. जीरा भुनने के बाद हल्दी पाउडर, हरी मिर्च, अदरक और धनियां पाउडर डाल कर चमचे से चलाइये, मसाले को भूनिये. अब शलगम, आलू, नमक और लाल मिर्च डाल कर, सब्जी को 2-3 मिनिट तक चमचे से चला चला कर भूनिये. 2 टेबिल स्पून पानी डाल कर सब्जी को ढक कर 8-9 मिनिट धीमी गैस पर पकने दीजिये.
सब्जी का ढक्कन खोलिये. आलू को तोड़कर देखिये अभी आलू नरम नहीं हुये हैं. सब्जी को अच्छी तरह चमचे से चला दीजिये. यदि सब्जी पकाने में पानी की और आवश्यकता हो तो 1-2 टेबिल स्पून पानी डाल कर, सब्जी को ढककर, फिर से 6-7 मिनिट तक धीमी गैस पर पकने दीजिये. सब्जी को खोलिये, आलू को तोड़कर देखिये, आलू नरम हो गये हैं. शलगम तो बहुत जल्दी पक जाते हैं. तो आपकी शलगम आलू की सब्जी पक गई है. सब्जी में अमचूर पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला दीजिये. गैस बन्द कर दीजिये.
शलगम आलू की सब्जी को बाउल में निकालिये. सब्जी के ऊपर हरा धनियां डाल कर सजाइये. गरमा गरम शलगम आलू की सब्जी परांठे, चपाती या नान किसी के साथ परोसिये और खाइये.
कमेंट (32)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
Your website is a treasure-trove of home-cooking. Kudos to you!!