पालक सोया भुरजी - Palak Soya Bhurji - Spinach Soya Granules Keema

आयरन, मिनरल्स और प्रोटीनयुक्त पालक सोया भुरजी, स्वाद में लगे जबर्दस्त.
Read - Palak Soya Bhurji - Spinach Soya Granules Keema Recipe In English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Spinach Soya Granules Keema
- पालक- 250 ग्राम
- टमाटर- 3 (200 ग्राम)
- हरी मिर्च- 1
- अदरक का टुकड़ा- ½ इंच
- सोया चंक्स- 1 कप (50 ग्राम)
- रिफाइन्ड तेल- 2 टेबल स्पून
- जीरा- ¼ छोटी चम्मच
- हींग- 1 पिंच
- हल्दी पाउडर- ¼ छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर- ½ छोटी चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर- ¼ छोटी चम्मच से कम
- कसूरी मेथी- 1 टेबल स्पून
- नमक- ¾ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
- गरम मसाला- ¼ छोटी चम्मच से कम
विधि - How to make Palak Soya Bhurji
पालक को बारीक-बारीक काट लीजिए. इसके बाद, टमाटर, अदरक और हरी मिर्च को पीसकर पेस्ट तैयार कर लीजिए.
एक छोटे से खल बट्टे में सोया चंक डालकर 3 से 4 टुकड़े करते हुए कूट लीजिए. कुटे हुए सोया चंक्स को एक प्याले में निकाल लीजिए और सारे सोया चंक्स इसी तरह कूट लीजिए.
सब्जी बनाने के लिए पैन गरम कीजिए और इसमें 1 टेबल स्पून तेल डाल दीजिए. तेल गरम होने पर पैन में टूटे हुए सोया चंक्स डाल दीजिए. इन्हें मध्यम आंच पर हल्का सा रंग बदलने तक लगातार चलाते हुए भून लीजिए. जैसे ही चंक्स हल्के ब्राउन हो जाएं, इनमें 1 कप पानी डाल दीजिए और इन्हें ढककर धीमी आंच पर पानी खत्म होने तक पकने दीजिए. बीच-बीच में इन्हें चलाकर चैक कर लीजिए.

इसी दौरान, टमाटर का मसाला तैय़ार कर लीजिए. गैस पर एक पैन गरम कीजिए. पैन में बचा हुआ तेल डालकर गरम कर लीजिए. गरम तेल में जीरा डालिए और गैस धीमी कर दीजिए. इसके बाद, तेल में हींग, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर डालकर मसाले को बिल्कुल हल्का सा भून लीजिए. फिर, मसाले में टमाटर-हरी मिर्च-अदरक का पेस्ट और लाल मिर्च पाउडर डाल दीजिए. मसाले से तेल अलग होने तक इसे धीमी और मध्यम आंच पर बीच-बीच में चलाते हुए भून लीजिए. इसके बाद, मसाले में कसूरी मेथी डालकर लगातार चलाते हुए भूनिए.
चंक्स से पानी सूख जाने और उनके फूलने पर इसमें भुना हुआ मसाला डालकर मिक्स कर दीजिए. साथ ही कटा हुआ पालक, नमक और गरम मसाला भी डाल दीजिए. सारी सामग्रियों को अच्छे से मिला दीजिए. इसके बाद, सब्जी को 2 से 3 मिनिट ढककर पकने दीजिए.
3 मिनिट बाद, सब्जी चैक कीजिए. सब्जी में हल्का सा पानी दिख रहा है, तो इसे 1 मिनिट और खुला ही पकने दीजिए. सब्जी को थोड़ी-थोड़ी देर में चला लीजिए. सब्जी में कटा हुआ हरा धनिया डालकर मिक्स कर दीजिए. सब्जी तैयार है. इसे प्याले में निकाल लीजिए.
सब्जी को हरे धनिये से गार्निश कर दीजिए. स्वाद में लाज़वाब पालक सोया चंक्स भुरजी परोसने के लिए तैयार है. इस सब्जी को चपाती, नान, परांठे, चावल या किसी के भी साथ सर्व कर सकते हैं. इतनी सब्जी साइड डिश के रूप में परिवार के 4 से 5 सदस्यों के लिए पर्याप्त है.
सुझाव
- कसूरी मेथी पालक के स्वाद को बढ़ा देती है.
- मसाला भूनते समय ध्यान रखें कि वह जले ना.
- आप सब्जी में मसालों की मात्रा कम या ज्यादा करके अपने स्वादानुसार सब्जी बना सकते हैं. अगर आप कम तीखा पसंद करते हैं, तो हरी मिर्च हटा सकते हैं, या हरी मिर्च पसंद है, तो गरम मसाला की मात्रा कम कर सकते हैं और तीखा पसंद करते हैं, तो लाल मिर्च की मात्रा बढ़ा सकते हैं.
Palak Soya Bhurji - पालक सोया भुरजी - Spinach Soya Granules Keema
कमेंट (6)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: मनोज जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: राखी जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: मनीषा जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: उज्जवल जी, बहुत बहुत धन्यवाद.