सादा पराठा - Plain Paratha Recipe - How to make Paratha?

पराठे सुबह, दोपहर या शाम सभी के घरों में बनाए जाते हैं. आज हम सादा पराठा की रेसिपी लाए हैं, जिसे तिकोनाकार और गोलाकार दो तरह से बनाएंगे.
Read - Plain Paratha Recipe - How to make Paratha?
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Plain Paratha Recipe
- गेहूं का आटा- 2 कप
- नमक- ½ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
- तेल- 2 छोटी चम्मच और सेकने के लिए
विधि - How to make Paratha?
आटा गूंथिए
आटे में नमक और 2 छोटी चम्मच तेल डाल दीजिए और मिक्स कर लीजिए. आटे में थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथकर तैयार कर लीजिए. आटे को मसल-मसल कर चिकना कर लीजिए. आटा लगाने में आटे की मात्रा का आधा पानी यानिकि 1 कप पानी का उपयोग हुआ है. आटे को ढक दीजिए और 20 मिनिट तक सैट होने के लिए रख दीजिए.
आटे के सैट होने के बाद हाथ पर थोड़ा सा तेल लगाकर चिकना कर लीजिए और आटे को फिर से थोड़ा सा मसल लीजिए. साथ ही तवा गरम होने रख दीजिए. हाथ पर थोड़ा सा सूखा आटा लगाइए और जितना बड़ा पराठा बनाना हो, उसी के हिसाब से गुंथे आटे से लोई तोड़ लीजिए और सूखे आटे में लपेट लीजिए. हम परांठे दो तरह से बनाएंगे गोल सादे और तिकोने सादे
गोल पराठा
गोल परांठे बनाने के लिए लोई को 3 से 3.5 इंच व्यास का बेल लीजिए. इस पर चम्मच से थोड़ा सा तेल लगाकर चारों ओर फैला लीजिए. फिर, बेले हुए पराठे को चारों ओर से उठाकर बंद कर दीजिए और उंगलियों से दबाकर चपटा कर दीजिए. इसे सूखे आटे में लपेट दीजिए और इससे 5 से 6 इंच व्यास का पतला पराठा तैयार कर लीजिए. पराठा बेलते समय, ध्यान रखे कि इसे किनारे से ही बेले ताकि यह किनारे से मोटा न रहे.

तवे के गरम होने पर इसे थोड़े से तेल से चिकना कर लीजिए. फिर, पराठा सेकने के लिए तवे पर डाल दीजिए. इसी दौरान दूसरा पराठा भी बेल लीजिए. पराठे के हल्के से सिकते ही पहली वाली सतह पर थोड़ा सा तेल लगाइए और इसे पलट दीजिए और दूसरी ओर भी तेल लगा दीजिए. फिर, परांठे को हल्का सा दबाकर दोनों ओर ब्राउन चित्ती आने तक सेक लीजिए.
जैसे ही पराठा अच्छे से सिक जाए, वैसे ही तवे से उतारकर प्लेट पर रखी प्याली या नैपकिन पेपर पर रख लीजिए या सीधे भोजन ग्रहण करने वाले की थाली में परोस दीजिए.
तिकोन सादा पराठा
तिकोन पराठा बनाने के लिए गोल परांठे जितनी ही गोल लोई गुंथे आटे से तोड़कर तैयार कर लीजिए. फिर, इसको सूखे आटे में लपेटिए और 5 से 6 इंच व्यास में बड़ा पराठा बेल लीजिए. इसके ऊपर थोड़ा सा तेल चम्मच से लगाकर चारों ओर फैला दीजिए. इसे आधा करते हुए मोड़ दीजिए. इसके ऊपर फिर से थोड़ा सा तेल लगा लीजिए और इसे फिर से आधा करते हुए मोड़ दीजिए. तिकोन लोई तैयार है. इसे सूखे आटे में लपेट लीजिए और तिकोन ही आकार में गोल परांठे जितना ही पतला बेल लीजिए.
तिकोने परांठे को भी सिकने के लिए तवे पर डाल दीजिए. परांठे के ऊपरी सतह के रंग में बदलाव आते ही इसे पलट दीजिए और पहली सतह पर तेल लगाकर सभी ओर फैला दीजिए. दूसरी सतह पर हल्की चित्ती आने तक सिकने दीजिए और इसके बाद पलटकर इस ओर भी तेल लगा दीजिए. परांठे को हल्का दबाव देते हुए दोनों तरफ ब्राउन चित्ती आने तक सेक लीजिए. दोनों तरफ ब्राउन चित्ती आने के बाद, परांठे को उतारकर प्याली पर रख लीजिए और दूसरा पराठा भी इसी तरह सेक लीजिए.
जिस भी आकार में आपको परांठे पसंद हो, उसी आकार के परांठे बनाइए और किसी भी सब्जी, दही, अचार या चटनी के साथ परोसिए और खाइए.
8 परांठे बनाने के लिए पर्याप्त
सुझाव
- पराठा बहुत पतला पापड़ जैसा न बेलें. इसमें हल्की सी मोटाई होनी चाहिए.
- परांठे को सीधे प्लेट में न रखकर प्याली पर इसलिए रखा जाता है ताकि परांठे नीचे से गिलगिले न हो जाएं. प्याली पर पराठा रखने से नीचे से थोड़ी हवा लगती रहती है, जिस कारण वह गिलगिला नही होता.
- आप चाहे, तो परांठे कैसरोल में थोड़ा फैलाकर रख सकते हैं, ताकि उनमें नीचे से थोड़ी हवा लगती रहे.
कमेंट (3)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
मैं हंमेशा बांस की टोकरी में परांठे रखती हूँ, नीचे से गिले भी नहीं होते और crispy रहते है I
निशा: स्मृति जी, धन्यवाद.
निशा: निधि जी, अपना अनुभव शेयर करने के लिए बहुत बहुत धन्यवाद.