बैंगन भाजा- बैंगन कतरी - Begun Bhaja Recipe - Baingan Fry Recipe - Brinjal Tawa Fry - Eggplant Fry

बेहद आसानी और जल्दी से बन जाने वाला मसालेदार बैंगन भाजा, साइड डिश के रूप में एकदम परफेक्ट सब्जी.
Read - Begun Bhaja Recipe - Brinjal Tawa Fry - Eggplant Fry Recipe In English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Brinjal Tawa Fry
- बैंगन- 1 (300 से 350 ग्राम)
- सरसों का तेल- 4 से 5 टेबल स्पून
- बेसन- 2 टेबल स्पून
- हरा धनिया- 2 से 3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
- हरी मिर्च- 1 (बारीक कटी हुई)
- अदरका का पेस्ट- ½ छोटी चम्मच
- हींग- ½ पिंच
- जीरा- ½ छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर- 1 छोटी चम्मच
- अमचूर- ¼ छोटी चम्मच
- गरम मसाला- ¼ छोटी चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर- ¼ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
- हल्दी पाउडर- ¼ छोटी चम्मच
- नमक- 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
विधि - How to make Begun Bhaja
एक प्लेट में बेसन, कटी हुई हरी मिर्च, अदरक, हींग, जीरा पाउडर, धनिया पाउडर और अमचूर डाल दीजिए. साथ ही, गरम मसाला, लाल मिर्च पाउडर, नमक, हल्दी पाउडर तथा हरा धनिया डाल दीजिए. सारे मसालों को अच्छे से मिला लीजिए.
बैंगन का डंठल काटकर हटा दीजिए और बैंगन को ½ से ¾ से.मी़ मोटे गोल टुकड़ों में काट लीजिए. इसके बाद, एक-एक करके इन टुकड़ों को मसाले में डालकर दोनों ओर से मसाले में लपेट लीजिए. बैंगन का रस निकलने से सारे मसाले इन पर अपने आप चिपक जाएंगे. मसाले लपेटे हुए बैंगन के गोल टुकड़े को एक अलग प्लेट में रख लीजिए.

शैलो फ्राय कीजिए
बैंगन को शैलो फ्राय करने के लिए एक तवा गरम कीजिए. तवे पर थोड़ा सा तेल डाल दीजिए. तेल गरम होने पर बैंगन कतरी को सिकने के लिए तवे पर लगा दीजिए. बैंगन कतरी को धीमी और मध्यम आंच पर दोनों तरफ से गोल्डन ब्राउन होने तक सेक लीजिए. कतरी के नीचे वाली साइड हल्की सी ब्राउन होने पर इसे पलट दीजिए और कतरी को दूसरी ओर भी अच्छे से सिकने दीजिए. यदि इस दौरान, तेल कम लगे, तो थोड़ा सा तेल और डाल दीजिए.
एक बार और कतरी को पलट लीजिए. कतरी के गोल्डन ब्राउन होने के बाद, इसे दबाकर देखिए, ये नरम हैं, कतरी बनकर तैयार हैं. इन्हें एक प्लेट में निकालकर रख लीजिए. इसी प्रकार बच़ी हुई कतरियों को भी सेककर तैयार कर लीजिए.
बैंगन भाजा को थोड़े से हरे धनिये से गार्निश कर लीजिए. बैंगन कतरी खाने के लिए तैयार है. जल्दी से बन जाने वाली इस मसालेदार बैंगन कतरी को चपाती, पूरी, परांठा या चावल के साथ सर्व कीजिए और चाव से खाइए.
सुझाव
- बैंगन भाजा सरसों के तेल में बहुत अच्छी बनती है. अगर सरसों का तेल ना हो, तो आप कोई भी कुकिंग अॉयल ले सकते हैं.
Begun Bhaja Recipe - Baingan Fry Recipe - Brinjal Tawa Fry - Eggplant Fry
कमेंट (8)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: सुधा जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: साधना जी, आपको भी मेरी ओर से बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: ममता जी, हां, बैंगन भाजा ओवन में भी बना सकते हैं. टेम्परेचर- 200 - 220 डिग्री ले सकते हैं. धन्यवाद.
निशा: संतोषिनी जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: संतोषिनी जी, बेसन के घोल से तो वह पकौड़े जैसा तैयार हो जाएगा. इसके लिए सूखे बेसन का ही इस्तेमाल करें.
निशा: कुसुम जी, आपका बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: मयंक जी, धन्यवाद. आप इसे बनाइए और अपने अनुभव हमारे साथ ज़रूर शेयर कीजिए.
निशा: आशिमा जी, बहुत बहुत धन्यवाद.