मटर की पूरी - Matar ki Masala Puri - Matar ki Bedmi Poori - Green Peas masala Poori

हरे मटर की बेढ़मी पूरी के नाम से प्रचलित मटर की पूरी एकदम क्रिस्पी और मसालेदार होती है. एक बार आप इन पूरियों का स्वाद चखेंगे, तो बार-बार इन्ही पूरियों की फरमाइश करेंगे.
Read - Matar ki Masala Puri - Green Peas masala Poori Recipe In English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Matar ki Bedmi Poori
- गेहूं का आटा- 2 कप (300 ग्राम)
- हरी मटर (1 कप) और हरी मिर्च - 1 दरदरी पिसी हुई
- हरा धनिया- 2 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
- तेल- 1 टेबल स्पून
- लाल मिर्च पाउडर- ¼ छोटी चम्मच
- हल्दी पाउडर- ¼ छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर- 1 छोटी चम्मच
- नमक- ¾ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
- तेल- तलने के लिए
विधि - How to make Matar ki Masala Puri
सख्त आटा गूंथिए
एक बड़े प्याले में गेहूं का आटा लीजिए. इसमें दरदरी पिसी हुई मटर और हरी मिर्च डाल दीजिए. साथ ही, नमक, धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, हरा धनिया और 1 टेबल स्पून तेल भी डाल दीजिए. सारी चीजों को अच्छे से मिक्स कर लीजिए और थोड़ा थोड़ा पानी डालकर पूरी के लिए सख्त आटा गूंथकर तैयार कर लीजिए. आटे को 20 मिनिट के लिए रख दीजिए ताकि आटा सैट हो जाए.
लोइयां बनाइए
20 मिनिट बाद, आटा सैट होकर तैयार है. थोड़ा सा तेल लेकर हाथ को चिकना कर लीजिए और आटे को थोड़ा सा मसलकर चिकना कर लीजिए. आटे से लोइयां तोड़कर तैयार कर लीजिए. एक लोई उठाइए और इसे मसलते हुए गोलाकार दीजिए और फिर, इसे दबाकर पेड़े जैसे बना लीजिए. सारी लोइयां इसी प्रकार तैयार कर लीजिए. लोइयों को ढककर रख दीजिए और पूरी तलने के लिए तेल गरम कर लीजिए.

पूरी बेलिए
एक लोई उठाइए और थोड़े से तेल से चकले और बेलन को चिकना कर लीजिए. फिर, इस लोई को गोल 3 से 4 व्यास में बेल लीजिए. पूरी को ज्यादा पतला मत बेलिए. पूरी को किनारे से बेलते हुए एक जैसी पूरी बेलकर तैयार कर लीजिए.
पूरी तलिए
पूरी तलने के लिए पहले तेल चैक कर लीजिए. तेल में छोटी सी आटे की गोली डालकर देखिए, यह सिककर तैरकर ऊपर आ रही है, तेल पर्याप्त गरम है. गरम तेल में पूरी तलने डाल दीजिए. पूरी को कल्छी से हल्का सा दबाकर फुला लीजिए. फिर, पूरी को पलट दीजिए और पूरी को दोनों ओर गोल्डन ब्राउन होने तक तल लीजिए.
इसी दौरान, दूसरी पूरी बेलकर तैयार कर लीजिए. अच्छे से सिक जाने के बाद पूरी को निकाल लीजिए. पूरी को कढ़ाई के किनारे पर कल्छी पर तिरछा करके रखिए ताकि अतिरिक्त तेल कढ़ाई में वापस चला जाए और पूरी को निकालकर प्लेट पर बिछे हुए टिशू पेपर पर रख दीजिए. सभी पूरियां इसी तरह से बेलकर तलकर तैयार कर लीजिए. इतने आटे में 15 पूरियां बनकर तैयार होती है.
हरी मटर की मसाले वाली पूरियां बनकर तैयार हैं. क्रिस्पी और ज़ायकेदार पूरियों को आलू टमाटर की सब्जी, मटर गोभी की सब्जी, अचार, रायते, चटनी या अपनी पसंदीदा सब्जी के साथ परोस सकते हैं.
सुझाव
- पूरियां अच्छे से फूले. इसके लिए, इन बातों का ध्यान रखे- पहला आटे को मसल मसलकर अच्छा चिकना गूंथें. दूसरा, पूरियां बेलते समय एक जैसा बेलें और तीसरी सबसे प्रमुख बात कि तेल अच्छा गरम हो.
- पूरी आप अपने पसंदानुसार छोटे या बड़े साइज की बना सकते है, उसी के हिसाब से लोइयां तोड़कर तैयार करें.
Matar ki Masala Puri - Matar ki Bedmi Poori - Green Peas masala Poori
कमेंट (9)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: गीता जी, पूरी को आलू टमाटर की सब्जी, मटर गोभी की सब्जी, अचार, रायते, चटनी या अपनी पसंदीदा सब्जी के साथ परोस सकते हैं.
निशा: जयेश जी, आप टिफिन में अलग अलग तरह के परांठे, दोसा या चीला, इडली- चटनी, पुलाव आदि बना कर ले जा सकते हैं.
निशा: श्रुति जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: नरेश जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: परवीन जी, आपको भी मेरी ओर से बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: नीलम जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: ऋतु जी, आपको भी मेरी ओर से बहुत बहुत धन्यवाद.