पालक फ्राय - Sukhi Palak Bhaji Recipe - Spinach stir Fry recipe

पालक में आयरन, फाइबर और विटामिन्स प्रचुर मात्रा में पाया जाता है. सर्दियों के मौसम में ताजे पालक से बनने वाली सब्जी पालक फ्राय स्वास्थ्यवर्धक होने के साथ-साथ स्वाद में बहुत ही लाज़वाब होती है. जल्दी से बन जाने वाली इस सब्जी को आप चपाती, परांठे, पूरी इत्यादि के साथ सर्व कर सकते हैं.
Read - Sukhi Palak Bhaji Recipe - Spinach Stir Fry Recipe In English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Spinach stir Fry recipe
- पालक- 500 ग्राम
- टमाटर- 2
- तेल- 2 टेबल स्पून
- हरा धनिया- 2 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
- हरी मिर्च- 2 (बारीक कटी हुई)
- अदरक- 1 छोटी चम्मच (पेस्ट) या 1 इंच टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ)
- जीरा- ½ छोटी चम्मच
- हींग- 1 से 2 पिंच
- हल्दी पाउडर- ¼ छोटी चम्मच से कम (आप चाहे तो)
- लाल मिर्च पाउडर- ¼ छोटी चम्मच से कम
- नमक- ¾ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
विधि - How to make Sukhi Palak Bhaji Recipe
पालक फ्राय बनाने के लिए पालक से डंडियां अलग कर दीजिए और पत्तों को 2 बार अच्छे से धोकर छलनी में डालकर पानी सुखा लीजिए. इसके बाद, इन्हें बारीक काटकर तैय़ार कर लीजिए. पालक को काटने के लिए, हाथ में पालक के पत्तों को इकट्ठा करके पकड़ लीजिए और चॉपिंग बोर्ड पर रखकर चाकू की मदद से बीच में से एक बार काट लीजिए. फिर, इन्हें भी साथ में करके बारीक-बारीक काटकर एक प्याले में रख लीजिए.
टमाटर को चॉपिंग बोर्ड और चाकू की सहायता से बारीक काटकर तैयार कर लीजिए.

सब्जियों को काटने के बाद, गैस जलाकर कढ़ाई गरम कर लीजिए और इसमें तेल डाल दीजिए. तेल गरम होने पर जीरा डालकर चटखा लीजिए. फिर इसमें हींग, हरी मिर्च, अदरक और हल्दी पाउडर डाल दीजिए और मसाले को हल्का सा भून लीजिए.
मसाला भुन जाने के बाद, कढ़ाई में कटे हुए टमाटर और पालक डाल दीजिए साथ ही इनमें नमक और लाल मिर्च पाउडर भी डाल दीजिए. सारी चीजों को मिक्स करते हुए 2 मिनिट भून लीजिए. इसके बाद, सब्जी को ढक दीजिए और 2 से 3 मिनिट पकने दीजिए.
3 मिनिट बाद, सब्जी को चैक कीजिए. पालक से थोड़ा सा रस निकल रहा है. इसे सुखाने के लिए सब्जी को खुला ही 2 मिनिट पका लीजिए. 5 से 6 मिनिट के अंदर ही यह सब्जी बनकर तैयार हो जाती है. सब्जी से रस सूख जाने के बाद गैस बंद कर दीजिए और इसमें हरा धनिया डालकर मिक्स कर लीजिए. पालक फ्राय सब्जी बनकर तैयार है, इसे एक प्याले में निकाल लीजिए.
स्वास्थ्यवर्धक और स्वादिष्ट पालक फ्राय सब्जी को चपाती, परांठे या चावल के साथ परोसिए और खाइए.
सुझाव
- आप इसे टमाटर के बिना भी बना सकते हैं.
कमेंट (2)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
My phone is filled with kitchen apps and recipies like "Rasoi Quiz App". looking forward to see ur app on playstore as well
निशा: पंकज जी,हमारी एप आपको जल्दी ही मिल जायेगी.