सोया चंक्स फ्राय - Soy Chunks Fry Recipe - Soya Chunks Stir-Fry

प्रोटीन युक्त सोया स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी है. इससे बनने वाले विविध व्यंजन का स्वाद भी बहुत ही मज़ेदार होता है. मनपसंद सब्जियों के साथ सोया चंक्स तलकर बनने वाले सोया चंक्स फ्राय को आप एक बार खाएंगे, तो बार-बार खाने का जी करेगा.
Read - Soy Chunks Fry Recipe - Soya Chunks Stir-Fry Recipe In English
आवश्यक सामग्री - Soya Chunks Stir Fry
- सोयाबीन चंक्स- 1 कप
- टमाटर- 2
- अदरक का टुकड़ा- ½ इंच
- हरी मिर्च- 1
- शिमला मिर्च- 1 (बारीक कटी हुई)
- हरा धनिया- 2 से 3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
- तेल- 1 से 2 टेबल स्पून
- जीरा- ¼ छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर- ½ छोटी चम्मच
- नमक- ½ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
विधि - How to make Soy Chunks Fry Recipe
सोया चंक्स फ्राय बनाने के लिए सबसे पहले सोया चंक्स को पानी में भिगोकर तैयार किया जाता है. इनको भिगोने के लिए गैस पर पैन में 1.5 कप पानी गरम कर लीजिए. पानी में उबाल आते ही पैन में सोया चंक्स और ½ छोटी चम्मच नमक डाल दीजिए. फिर, पैन को ढक दीजिए और गैस बंद कर दीजिए. 15 से 20 मिनिट में सोया च़ंक्स अच्छे से फूल जाएंगे.
टमाटर, अदरक और हरी मिर्च को मिक्सी में पीसकर पेस्ट तैयार कर लीजिए.

सभी तैयारियां करने के बाद, गैस जलाकर पैन गरम कर लीजिए. गरम पैन में तेल डाल दीजिए. तेल गरम होने के बाद, पैन में जीरा डाल दीजिए. जीरा के चटखने पर धनिया पाउडर और टमाटर का पेस्ट डाल दीजिए. सारी सामग्री को चमचे से चलाते हुए भून लीजिए. फिर, इसमें शिमला मिर्च भी डाल दीजिए और मसाले को तब तक भून लीजिए जब तक कि मसाले में से तेल अलग न होने लगे.
मसाले से तेल अलग होते ही मसाला भुनकर तैयार हो गया है. अब, इसमें नमक डालकर मिला दीजिए. इसके बाद, मसाले में सोया चंक्स और थोड़ा सा हरा धनिया डाल दीजिए. सभी सामग्री को चलाते हुए 2 से 3 मिनिट तक पका लीजिए.
3 मिनिट बाद, सोया बीन्स चंक्स फ्राय बनकर तैयार है, इसे एक प्लेट में निकाल लीजिए. इसको ऊपर से थोड़ा सा हरा धनिया डालकर गार्निश कर लीजिए. सोया चंक्स फ्राय परोसने के लिए एकदम तैयार है. स्वाद में लाजवाब इस व्य़ंजन को गरमागरम खाइए और खिलाइए.
सुझाव
- टमाटर के पेस्ट की जगह बारीक कटे टमाटर व हरी मिर्च और कद्दूकस किए हुए अदरक से भी सोया चंक्स फ्राय बना सकते हैं.
- अगर आप प्याज पसंद करते हैं, तो एक छोटा प्याज बारीक काटकर जीरा चटखने के बाद हल्का गुलाबी होने तक भून लीजिए और आगे की सब्जी ऊपर दी हुई विधि के अनुसार बना लीजिए.
- यदि आप तीखा खाना पसंद करते हैं, तो इसमें थोड़ा सा लाल मिर्च पाउडर भी डाल सकते हैं.
- सोया चंक्स फ्राय में आप अपनी पसंदानुसार सब्जियां जैसे कि गाजर, मटर, बीन्स या गोभी भी डाल सकते हैं.
कमेंट (1)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
is this a kind of sabji or anything else..??