भरवां भिंडी माइक्रोवेव में - Microwave Stuffed Bhindi Recipe

भिन्डी की सब्जी गैस पर तो हम बनाते ही हैं, अगर ये सब्जी को माइक्रोवेव में बनायें तब ये बहुत ही जल्दी और बहुत ही आसानी से बन जाती है.
Read - Microwave Stuffed Bhindi Recipe In English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for bharwan bhindi recipe
- भिन्डी - 250 ग्राम
- तेल - 2-3 टेबल स्पून
- हरा धनियां - 2-3 टेबल स्पून
- हींग - 1 पिंच
- जीरा पाउडर - ½ छोटी चम्मच
- नमक - 3/4 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
- अदरक पाउडर या अदरक पेस्ट - ½ छोटी चम्मच
- अमचूर पाउडर - ½ छोटी चम्मच
- सौंफ पाउडर - 1.5 छोटी चम्मच
- धनियां पाउडर - 1.5 छोटी चम्मच
- हल्दी पाउडर - ½ छोटी चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर - ½ छोटी चम्मच
- गरम मसाला - ¼ छोटी चम्मच से कम
विधि - How to make bharwan bhindi ?
भिंडी को अच्छी तरह पानी से धोकर छलनी में रख कर पानी सूखने तक सुखा लीजिये या किसी कपड़े से भिन्डी को पोंछ कर पानी सुखा लीजिये. भिंडी के दोनों ओर डंठल काट कर निकाल दीजिये और भिंडी इस तरह काटिये कि भिन्डी एक ओर से जुड़ी रहे. सारी भिंडी इसी तरह से काट कर तैयार कर लीजिए.
एक प्लेट लीजिए, इसमें नमक, अदरक पाउडर, अमचूर पाउडर, जीरा पाउडर, सौंफ पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर, हींग, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और थोडा़ सा हरा धनिया डाल कर मसालों को अच्छे से मिक्स कर लीजिए.

भिंडी में भरने के लिये मसाला तैयार है. इस मसाले को थोड़ा-थोड़ा भिन्डियों में भर दीजिए.
माइक्रोवेव सेफ प्याला लीजिए और इसमें भरवां भिंडी रख दीजिए, भिन्डी के ऊपर तेल डाल दीजिए और प्याले को ढककर के 3 मिनिट माइक्रोवेव कर लीजिए.
प्याले को माइक्रोवेव से निकाल कर, भिन्डी को अच्छे से चला दीजिए और प्याले को बिना ढके 2 मिनिट के लिए माइक्रोवेव कर लीजिए.
भरवां भिन्डी बनकर तैयार है, इसमें हरा धनिया डालकर गार्निश कर दीजिए. भिन्डी को आप परांठे, चपाती, नॉन या पूरी किसी के भी साथ परोसिये और खाईये.
- 3-4 सदस्यों के लिए
- 20 मिनट
कमेंट (5)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: जुबेरिया जी, भिन्डी को माइक्रोवेव के अधिकतम तापमान पर माइक्रोवेव करके बनाया गया है.
Kya isis tarah se Bharwan Tinde3 bhi ban sakte hain ?