माइक्रोवेव में गाजर का हलवा – Gajar Halwa Recipe in Microwave

गाजर का हलवा आप कढाही में भी बना सकते हैं और माइक्रोवेव में भी. माइक्रोवेव में बने गाजर का हलवा का स्वाद कढाही में बने गाजर के हलवे से अधिक रसदार होता है.
कढाही में गाजर हलवा बनाने में थोड़ा अधिक समय लगता है और इसे आपको चलाते भी रहना पडता है जबकि माइक्रोवेव में गाजर का हलवा जल्दी और अधिक सुविधाजनक तरीके से बन जाता है.

आवश्यक सामग्री Ingredients for Gajar ka Halwa
- गाजर - 1 किग्रा.
- दूध - 1 कप (यदि आप चाहें)
- घी - 1 टेबल स्पून
- मावा - 250 ग्राम (1 कप)
- चीनी - 250 ग्राम (1 1/4 कप)
- काजू - 30 - 35 (3-4 टुकड़े करते हुये काट लीजिये)
- किशमिश - 20 (डंठल तोड़कर धो लीजिये)
- छोटी इलाइची - 4-5 (छील कर दरदरा कूट लीजिये)
विधि - Microwave Gajar Halwa Recipe
गाजर का हलवा (Gajar Ka halwa) बनाने के लिये ग्लास का माइक्रोवेव सेफ प्लास्टिक के माइक्रोवेव सेफ प्यालों से अधिक बेहतर होते हैं.
मावा भून लीजिये
दूसरे किसी माइक्रोवेव सेफ बर्तन में, मावा डालिये, तोड़कर, डेड़ मिनिट माइक्रोवेव में रखकर पका लीजिये. समय समाप्त होने पर मावा का बर्तन बाहर निकालिये और मावा को चमचे से चला दीजिये. मावा को फिर से माइक्रोवेव में डालिये, माइक्रोवेव को 1 मिनिट के लिये सैट कर दीजिये. समय खतम होने के बाद, मावा के बर्तन को बाहर निकाल लीजिये, मावा भुन चुका है.
गाजर को छील कर, डंठल काट कर, हटा दीजिये, डंठल कटी गाजर अच्छी तरह धो लीजिये. गाजर से पानी सूखने पर इन्हैं कद्दूकस कर लीजिये.

कद्दूकस की गई गाजर, दूध और घी माइक्रोवेव में पकाने वाले प्याले में डालिये, गाजर के प्याले को ढक्कन लगाकर सबसे अधिक तापमान पर माइक्रोवेव में 5 मिनिट के लिये रखकर पकाइये. समय समाप्त होने के बाद, प्याले को माइक्रोवेव से निकालिये और चमचे से अच्छी तरह चला कर मिला दीजिये.

गाजर भरे प्याले को बिना ढक्कन लगाये फिर से माइक्रोवेव में रखिये और माइक्रोवेव को 5 मिनिट के लिये सैट करके गाजर पकाइये. समय खतम होने के बाद प्याले को माइक्रोवेव से बाहर निकालिये और चमचे से गाजर अच्छी तरह चला कर ऊपर नीचे कर दीजिये.

गाजर के प्याले में चीनी, मावा, काजू और किशमिश डालिये, अच्छी तरह मिला दीजिये, प्याले को माइक्रोवेव में रखिये, माइक्रोवेव को 5 मिनिट के लिये सैट कर दीजिये. अगर आप महसूस करते हैं कि हलवा थोड़ा पतला है तो आप और 2-3 मिनिट के लिये माइक्रोवेव में रख सकते हैं. समय समाप्त होने के बाद, हलवा के बर्तन को बाहर निकालिये. सारी चीजें अच्छी तरह मिक्स हो गई हैं, गाजर का हलवा बन गया है. गाजर के हलवा में कूटी हुई इलाइची डालकर मिला दीजिये, ऊपर से थोड़े से काजू डालकर सजा दीजिये.
गरमा गरम गाजर का हलवा (Gajar Ka halwa) परोसिये और खाइये.
- पहले तैयार करने में समय - 15 मिनिट
- हलवा बनाने में लगा समय - 20 मिनिट
इस रेसिपी के बारे में सवाल पूछिए.
क्या आपके मन में इस रेसिपी से जुडा़ कोई सवाल है? आप Nishamadhulika.com पर आने वाले लोगों से उसे पूछ सकते हैं : यहाँ क्लिक करें.
Leave a comment
(Will not be shown)
(Optional)








Comment(s): 32:
निशा: शिवानी, यह बोरोसिल कंपनी का बना डीप राउंड कैसरोल है. बाजार में इस तरह के माइक्रोवेव सेफ ग्लास कैसरोल हर जगह मिल जाते हैं. आजकल तो चाइनीज ग्लास कैसरोल भी मिल रहे हैं जो सस्ते भी होते हैं.
निशा: नीति, घी और दूध मिलाने से दूध नहीं फटता, कुछ और कारण हो सकता होगा.
निशा: श्वेता, आप मिल्क पाउडर को एकदम गाड़ा घोल लें ताकि उसमें गांठे न रहें और उस गाड़े घोल को जब मावा के बजाय इस मिल्क पाउडर के घोल को दाल कर मिक्क्स कर दें.
निशा: सुषमा, धन्यवाद, आप अपने हाथों से बनाकर इतनी बड़ी पार्टी दे रही हैं. इतने लोंगों के 6-7 किग्रा. गाजर ले लीजिये.
निशा: 40 मिनट! माइक्रोवेव में कम या अधिक समय उसके वाट पर भी निर्भर करता है. आपका माइक्रोवेव कितने वाट का है?
निशा: पल्लवी, आप बिना ढक्कन लगाए गाजर का हलवा बनाइये. कोई दिक्कत नहीं आयेगी.
निशा: शुची, मावा न मिलाने पर दूध के पाउडर को थोड़े से पानी में घोलकर प्रयोग कर सकते हैं या कंडेंस्ड मिल्क भी प्रयोग कर सकते हैं.
or kitna samay lagega plz mujhe bhi batayein?
निशा: मीनू, गाजर का हलवा तो बेसिक माइक्रोवेव में भी बन जाता है. आप निश्चिंत होकर बनाईये और अपने अनुभव हमारे साथ शेयर कीजिये.
how to make Sitaphal rabadi?
Please give above recipes.
thanks
निशा: ताशु, बिना मावा के हलवा बनाना हो, तब मावा की जगह दूध का प्रयोग करते हैं, माइक्रोवेव में दूध डालकर गाजर का हलवा नहीं बना सकते.
निशा: राना, माइक्रोवेव चलाते समय, कोई भी मैटल के बर्तन प्रयोग नहीं करते, कांच के प्याले, चीनी मिट्टी के प्याले कोई भी रख सकते हैं लेकिन इन पर मैटल (सुनहरी या रुपहली) की कढ़ाई का काम न हो. इसकी अधिक जानकारी के लिये माइक्रोवेव मैनुअल पढ़ सकते हैं.
निशा: आरिफा, माइक्रोवेव में मावा सोलो मोड पर भूना जा सकता है.
निशा: टीना, गाजर का हलवा माइक्रोवेव मोड़ में बनाइये, ओवन में नहीं.
निशा: अंजू, दूध में गाजर का हलवा बनाना. दूध को उबल कर मावा ही बनना होता है, इस तरह हलवा बनाने में समय बहुत लग जाता है, माइक्रोवेव में इस तरह हलवा बनाने में बहुत दिक्कत आती है.
निशा: नेहा, जी आप एकदम सही कह रही हैं, धन्यवाद.
निशा: प्रियंका, जमा हुआ घी, जमा हुआ मावा, को डिफ्रोस्ट करें तो वे नार्मल प्रयोग में लाने के लिये तैयार हो जाती हैं.
निशा: महेन्द्र, मेरी रैसिपी बुक नहीं हैं, मैं नेट पर ही काम कर रही हूँ.
निशा: रेवा, माइक्रोवेव में हमने बहुत कम रैसिपी बनाकर लिखी है, पनीर कोफ्ता करी इन माइक्रोवेव रैसिपी वेवसाइट पर देख सकती हैं, उसमें सब्जी के लिये मसाला भूना है. दालें कुकर में जल्दी और आसानी से बन जाती है, मैं आप से कहना चाहूंगी अगर आप माइक्रोवेव का यूज ज्यादा करना चाहती हैं, तब आप माइक्रोवेव के साथ दी हुई बुक अच्छी तरह बार बार पढें आप सब कुछ समझ पयेंगी, धन्यवाद.